गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका, गेट-खिड़कियां टूटकर सड़क पर गिरीं

Share

परिवार के घर से निकलने के आधे घंटे बाद हुआ हादसा, घर में कोई नहीं होने से टली जनहानि
उदयपुर, 29 सितंबर:
ओगणा थाना क्षेत्र में रामनाथ महादेव मंदिर के सामने मंगलवार दोपहर एक मकान में गैस सिलेंडर में जोरदार धमाका हो गया। धमाका इतना तेज था कि मकान का मुख्य गेट, जंगला और खिड़कियां टूटकर सड़क की ओर जा गिरीं। गनीमत रही कि हादसे के समय मकान में कोई मौजूद नहीं था, जिससे बड़ी जनहानि टल गई।
जानकारी के अनुसार ओगणा निवासी बंशीलाल पुत्र दौलतराम का रामनाथ महादेव मंदिर के सामने मकान है। मंगलवार दोपहर परिजन मकान पर ताला लगाकर बाजार के लिए निकले थे। करीब आधे घंटे बाद अचानक घर के अंदर जोरदार धमाका हुआ। आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल का जायजा लिया। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई जा रही है, हालांकि धमाके का वास्तविक कारण जांच के बाद ही स्पष्ट होगा।