राज्यपाल कटारिया ने आठ विकास कार्यों का किया निरीक्षण, एलिवेटेड रोड 9 माह में पूरी करने और अटल पार्क का जल्द लोकार्पण करने के निर्देश
उदयपुर, 11 नवम्बर: पंजाब के राज्यपाल एवं चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाबचंद कटारिया ने बुधवार को उदयपुर में आठ प्रमुख विकास स्थलों का निरीक्षण कर अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ काम समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। पारस तिराहा ओवरब्रिज 31 मार्च से पहले शुरू करने का भरोसा अधिकारियों ने दिलाया। एलिवेटेड रोड का काम 9 माह में पूरा करने को कहा गया।
कटारिया ने किशनपोल के नवनिर्मित डिप्टी कार्यालय, मुखर्जी चौक, आयड़ नदी, ठोकर चौराहा, नेहरू हॉस्टल की नई लेन और अटल पार्क का भी निरीक्षण किया। आयड़ नदी के श्री निकेतन क्षेत्र में अतिक्रमण हटाकर फेंसिंग करने, ठोकर चौराहे पर भवन अधिग्रहित कर सड़क चौड़ी करने तथा नेहरू हॉस्टल की नई लेन को सेवाश्रम तक जोड़ने के निर्देश दिए। एलिवेटेड रोड के नीचे बस स्टैंड चौराहे को दो पिलर के बीच फिर बनाने और अटल पार्क का काम पूरा कर जल्द लोकार्पण करने को कहा। मुखर्जी चौक की पार्किंग व्यवस्था पर संतोष जताया।
दौरे में विधायक ताराचंद जैन सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, लेकिन ग्रामीण विधायक फूलसिंह मीणा और मेयर पारस सिंघवी की गैरमौजूदगी चर्चा में रही।