5 लाख देकर डमी कैंडिडेट से दिलवाई पटवार भर्ती परीक्षा, एसओजी ने पटवारी को किया गिरफ्तार

Share

उदयपुर, 20 जुलाई: राजस्थान पटवार भर्ती परीक्षा-2021 में बड़े फर्जीवाड़े का खुलासा करते हुए स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप (एसओजी) ने एक पटवारी को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने खुद परीक्षा देने के बजाय अपने स्थान पर डमी (प्रॉक्सी) अभ्यर्थी को परीक्षा में बैठाकर सरकारी नौकरी हासिल की थी।
एसओजी के अतिरिक्त महानिदेशक विशाल बंसल ने बताया कि आरोपी ने 23 अक्टूबर 2021 को उदयपुर के एक परीक्षा केंद्र पर आयोजित पटवार भर्ती परीक्षा में अपनी जगह डमी अभ्यर्थी को बैठाया। इसके लिए कथित तौर पर 5 लाख रुपए का सौदा किया गया था। डमी अभ्यर्थी ने परीक्षा देकर आरोपी को सफल कराया, जिसके बाद उसे सिरोही जिले में पटवारी के पद पर नियुक्ति मिल गई।
मामला एसओजी को मिली एक गोपनीय शिकायत के आधार पर सामने आया। प्रारंभिक जांच में आरोप सही पाए जाने पर एसओजी थाने में प्रकरण दर्ज किया गया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।
एसओजी अब इस पूरे गिरोह की भूमिका की जांच कर रही है। जांच में यह भी पता लगाया जा रहा है कि डमी अभ्यर्थी कौन था, परीक्षा में उसकी एंट्री किस तरह कराई गई और इस फर्जीवाड़े में अन्य किन लोगों की संलिप्तता रही। भर्ती परीक्षा से जुड़े नेटवर्क और संभावित अन्य लाभार्थियों की भी जांच की जा रही है।