सैकड़ों पेंशनर्स ने रैली निकालकर सरकार को भेजा ज्ञापन
उदयपुर, 13 मई: आरजीएचएस योजना में आ रही परेशानियों और निजीकरण के विरोध में बुधवार को राजस्थान पेंशनर समाज के बैनर तले सैकड़ों पेंशनर्स ने शहर में रैली निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। पेंशनर समाज के अध्यक्ष भंवर सेठ के नेतृत्व में शास्त्री सर्किल पोस्ट ऑफिस से जिला कलेक्टरेट तक रैली निकाली गई और जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल के माध्यम से राज्य सरकार को ज्ञापन सौंपा गया।
पेंशनर्स ने आरोप लगाया कि अनुमोदित अस्पतालों और फार्मा स्टोर्स द्वारा आरजीएचएस योजना का बहिष्कार किए जाने से उन्हें निःशुल्क उपचार और दवाइयों के लिए भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। अध्यक्ष भंवर सेठ ने कहा कि पिछले एक वर्ष से भुगतान लंबित होने का हवाला देकर अस्पताल और मेडिकल स्टोर सेवाएं बंद कर रहे हैं, जिससे पेंशनर्स भटकने को मजबूर हैं।
उन्होंने कहा कि सरकार योजना को निजी इंश्योरेंस कंपनियों को सौंपने की तैयारी कर रही है, जिससे पेंशनर्स की मुश्किलें और बढ़ेंगी। पेंशनर्स का कहना है कि सरकार को योजना अपने नियंत्रण में रखते हुए इसमें सुधार करना चाहिए।
सेठ ने बताया कि 14 अप्रैल 2026 से कई सूचीबद्ध अस्पतालों और मेडिकल स्टोर्स में पेंशनर्स को न तो उपचार मिल रहा है और न ही चिकित्सकों द्वारा लिखी गई निःशुल्क दवाइयां। गंभीर बीमारियों से पीड़ित और नियमित दवा लेने वाले पेंशनर्स सबसे अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
पेंशनर्स ने चेतावनी दी कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो प्रदेशभर में व्यापक आंदोलन किया जाएगा। रैली में केसी श्रीमाली, लोकेन्द्र सिंह राठौड़, बाबूलाल जैन, विजय सारस्वत सहित बड़ी संख्या में पेंशनर्स मौजूद रहे।