23 सितंबर को विद्या भवन ऑडिटोरियम में प्रस्तावित रमा मेहता स्मृति व्याख्यान रद्द करने की मांग
उदयपुर, 20 सितंबर: 23 सितंबर को विद्या भवन ऑडिटोरियम में प्रस्तावित रमा मेहता स्मृति व्याख्यान में जेएनयू की सेवानिवृत्त प्रोफेसर निवेदिता मेनन को मुख्य वक्ता बनाए जाने का सर्वसमाज के प्रतिनिधियों ने विरोध किया है। रमा मेहता ट्रस्ट की वेबसाइट के अनुसार मेनन इस कार्यक्रम में व्याख्यान देंगी।
प्रेस वार्ता में डॉ. परमवीर सिंह दुलावत ने कहा कि मेनन के पूर्व वक्तव्यों को लेकर समय-समय पर विवाद हुए हैं। उन्होंने आयोजकों से कार्यक्रम निरस्त करने की मांग की। प्रतिनिधियों ने कहा कि कश्मीर, भारतीय सेना और हिंदू समाज से जुड़े मेनन के कथित बयानों को लेकर पहले भी विवाद और शिकायतें सामने आ चुकी हैं।
2016 में मेनन के कश्मीर संबंधी एक व्याख्यान के बाद उनके खिलाफ पुलिस शिकायत दर्ज होने की खबरें आई थीं। 2017 में जोधपुर के जय नारायण व्यास विश्वविद्यालय में उनके व्याख्यान के बाद भी कश्मीर और भारतीय सेना से संबंधित कथित टिप्पणियों को लेकर विवाद हुआ था। हालांकि, मेनन ने उस समय आरोपों से इनकार करते हुए कहा था कि विवाद अफवाहों पर आधारित है।
सर्वसमाज प्रतिनिधियों ने कहा कि उदयपुर की सामाजिक और सांस्कृतिक संवेदनशीलता को देखते हुए आयोजकों को कार्यक्रम पर पुनर्विचार करना चाहिए। उन्होंने रमा मेहता ट्रस्ट और संबंधित संस्थाओं के पदाधिकारियों से भी इस संबंध में स्पष्टीकरण की मांग की।