3.25 रुपए बढ़े दाम, आमजन और ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर बढ़ेगा बोझ
उदयपुर, 15 मई: पेट्रोलियम कंपनियों ने शुक्रवार से पेट्रोल और डीजल की नई दरें लागू कर दी हैं। नई कीमतों के बाद उदयपुर में पेट्रोल 108.79 रुपए प्रति लीटर पहुंच गया है। पेट्रोल में 3.25 रुपए प्रति लीटर की बढ़ोतरी होने से आमजन, वाहन चालकों और ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े लोगों की चिंता बढ़ गई है।
शुक्रवार सुबह नई दरें लागू होते ही पेट्रोल पंपों पर बढ़ी कीमतों को लेकर चर्चा शुरू हो गई। रोजाना वाहन उपयोग करने वाले लोगों का कहना है कि पहले से बढ़ती महंगाई के बीच ईंधन महंगा होने से घरेलू बजट पर अतिरिक्त बोझ पड़ेगा। खासकर नौकरीपेशा, छोटे व्यापारी और गांवों से शहर आने-जाने वाले लोगों पर इसका सीधा असर दिखाई देगा।
ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर बढ़ेगा दबाव
डीजल की कीमत भी तीन रुपए से अधिक बढ़ने से ट्रांसपोर्ट सेक्टर पर भी असर पड़ने की संभावना है। ट्रक, बस और मालवाहक वाहनों की संचालन लागत बढ़ने से माल ढुलाई महंगी हो सकती है। व्यापारियों का मानना है कि इसका असर आने वाले दिनों में रोजमर्रा की वस्तुओं की कीमतों पर भी दिखाई देगा। जानकारों के अनुसार अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल की कीमतों में बढ़ोतरी और मध्य पूर्व में बढ़ते तनाव के कारण कंपनियों ने कीमतें बढ़ाई हैं।
शहर पुरानीदर नई दर अंतर
चित्तौड़गढ़ 104.38 107.62 3.24
उदयपुर 105.54 108.79 3.25
डूंगरपुर 106.21 109.46 3.25
बांसवाड़ा 106.14 109.39 3.25