गन्ने के खेत में मिले लेपर्ड के शावक, लोगों ने गोद में उठाकर बनाए वीडियो

Share

भीड़ जुटने पर वन विभाग ने शावकों को नर्सरी में किया शिफ्ट, रात में मां ले गई साथ
राजसमंद, 15 मई:
राजसमंद जिले के भावा गांव में गन्ने के खेत में लेपर्ड के दो शावक मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शावकों को देखने के लिए ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई। इस दौरान कुछ लोगों ने शावकों को हाथों में उठाकर वीडियो भी बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार भावा गांव निवासी किसान नारायण गुर्जर गुरुवार दोपहर अपने गन्ने के खेत में पहुंचे थे। इसी दौरान उन्हें गुर्राने की आवाज सुनाई दी। आसपास तलाश करने पर खेत में लेपर्ड के दो छोटे शावक दिखाई दिए। सूचना फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। कुछ युवक शावकों को हाथों में उठाकर फोटो और वीडियो बनाने लगे। एक युवक ने तो शावक को गोद में तक उठा लिया।
वन विभाग ने सुरक्षित कराया रेस्क्यू
किसान नारायण गुर्जर ने मामले की सूचना वन विभाग को दी। डीएफओ रामानंद भाकर ने बताया कि टीम मौके पर पहुंची और दोनों शावकों को सुरक्षित रूप से बिनोल नर्सरी में शिफ्ट किया गया। देर रात उन्हें दोबारा खेत में छोड़ा गया ताकि उनकी मां उन्हें वापस ले जा सके। शुक्रवार सुबह जांच करने पर दोनों शावक वहां नहीं मिले। संभावना है कि मादा लेपर्ड रात में उन्हें सुरक्षित स्थान पर ले गई।