फलासिया में खुलेगा पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय

Share

केंद्र सरकार की मंजूरी के बाद जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू, आदिवासी विद्यार्थियों को मिलेगा गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का अवसर
उदयपुर, 4 जुलाई:
उदयपुर जिले के आदिवासी बहुल झाड़ोल-फलासिया क्षेत्र के विद्यार्थियों के लिए बड़ी सौगात मिलने जा रही है। केंद्र सरकार ने पंचायत समिति फलासिया में पीएम श्री जवाहर नवोदय विद्यालय खोलने की मंजूरी दे दी है और भूमि चयन के लिए जिला प्रशासन को पत्र भेजा है। प्रशासन ने जमीन आवंटन की प्रक्रिया शुरू कर दी है। भूमि संबंधी औपचारिकताएं पूरी होते ही विद्यालय निर्माण का कार्य शुरू होगा।
उदयपुर सांसद डॉ. मन्नालाल रावत ने बताया कि उनकी लोकसभा क्षेत्र की आठों विधानसभा क्षेत्रों में अब तक एक भी नवोदय विद्यालय नहीं था। इस कमी को दूर करने के लिए उन्होंने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान को पत्र लिखकर आदिवासी क्षेत्र में विद्यालय खोलने की मांग की थी। उन्होंने बताया कि उदयपुर दक्षिण राजस्थान का प्रमुख जनजातीय क्षेत्र है, जहां आर्थिक रूप से कमजोर लेकिन प्रतिभाशाली विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण आवासीय शिक्षा की आवश्यकता है।
रावत ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और ग्रामीणों की लंबे समय से चली आ रही मांग को केंद्र सरकार ने स्वीकार कर लिया है। नए विद्यालय के शुरू होने से जनजातीय एवं ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को आधुनिक सुविधाओं के साथ निःशुल्क गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध होगी और उन्हें राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने के बेहतर अवसर मिलेंगे।