कंटेनर लूट कांड का 10 हजार का इनामी आरोपी मध्यप्रदेश से गिरफ्तार
उदयपुर, 11 अप्रैल: उदयपुर पुलिस ने 22 साल पुराने सनसनीखेज कंटेनर लूट कांड का पर्दाफाश करते हुए 10 हजार रुपये के इनामी डकैत देवीसिंह कंजर को गिरफ्तार कर लिया। गोवर्धनविलास थाना पुलिस ने मध्यप्रदेश के देवास जिले में दबिश देकर इस शातिर अपराधी को पकड़ा। खास बात यह रही कि पुलिस टीम ने उसे पकड़ने के लिए साधु का भेष धारण कर गुप्त ऑपरेशन चलाया, जो पूरी तरह सफल रहा।
2004 में की थी खौफनाक लूट
घटना 29 जुलाई 2004 की है, जब ड्राइवर रविंद्र कुमार यादव सूरत से जयपुर कपड़ों से भरा कंटेनर लेकर जा रहे थे। पडुणा के पास बदमाशों ने टाटा सूमो से रास्ता रोक लिया। 10-12 आरोपियों ने ड्राइवर और खलासी के साथ बेरहमी से मारपीट की, उनके हाथ-पैर बांधकर आंखों पर पट्टी बांधी और मक्के के खेत में फेंक दिया। इसके बाद बदमाश कंटेनर लूटकर फरार हो गए थे।
ईनाम बढ़ने के बाद तेज हुई तलाश
मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले आरोपी पर 2 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था, जिसे 2023 में बढ़ाकर 10 हजार रुपये कर दिया गया। एसपी अमृता दुहन के निर्देश पर पुलिस ने पुराने केस को दोबारा खोलकर विशेष अभियान चलाया और आरोपी तक पहुंचने की रणनीति बनाई।
साधु बनकर की रेकी, ऐसे हुआ गिरफ्तार
प्रशिक्षु आरपीएस रामकुमार भादु के नेतृत्व में पुलिस टीम देवास के टोंकखुर्द क्षेत्र के चिड़ावद गांव पहुंची। एएसआई मनोहर सिंह, हेड कांस्टेबल नरेश कुमार सहित टीम ने साधु का वेश धारण कर गांव में रेकी की और मंदिरों के पुजारियों से गोपनीय जानकारी जुटाई। 10 अप्रैल को मिली सटीक सूचना पर पुलिस ने आरोपी को उसके घर के पास घेर लिया। शक होने पर वह भागने की कोशिश करने लगा, लेकिन टीम ने उसे पकड़ लिया।
कई मामलों में वांछित था आरोपी
गिरफ्तार देवीसिंह झाला (57) पर मध्यप्रदेश में भी कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वह लगातार पुलिस को चकमा देकर फरार चल रहा था। पुलिस अब उससे पूछताछ कर अन्य साथियों और लूट नेटवर्क की जानकारी जुटा रही है।