राजसमंद के किसान को राष्ट्रीय सम्मान, नवाचार से बढ़ाई उत्पादन क्षमता

Share

उदयपुर, 12 अप्रैल: महाराणा प्रताप कृषि एवं प्रौद्योगिकी विश्वविद्यालय से जुड़े बारानी कृषि अनुसंधान केंद्र के तहत कार्यरत परियोजना में उत्कृष्ट योगदान देने पर राजसमंद जिले के प्रगतिशील किसान हुक्मी चंद गाड़री को ‘बेस्ट फार्मर अवॉर्ड’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान हैदराबाद में आयोजित ICAR-CRIDA के 42वें स्थापना दिवस पर प्रदान किया गया।
गाड़री ने सूखा प्रभावित क्षेत्रों में कृषि को लाभकारी बनाने के लिए कई नवाचार अपनाए, जिनमें इन-सीटू जल संरक्षण, वाइब्रो-चिज़ल तकनीक, परिधीय बंडिंग और अंतरफसल प्रणाली प्रमुख हैं। इन तकनीकों से जल संरक्षण के साथ उत्पादन और आय में उल्लेखनीय वृद्धि हुई है।
विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. प्रताप सिंह ने इसे संस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के नवाचार कृषि क्षेत्र में सतत विकास को बढ़ावा देते हैं।
अनुसंधान निदेशक डॉ. अरविंद कुमार वर्मा ने इसे वैज्ञानिकों और किसानों के समन्वय का उत्कृष्ट उदाहरण बताया, जबकि डॉ. एस.एस. लखावत ने इसे अन्य किसानों के लिए प्रेरणादायक बताया।
यह सम्मान न केवल गाड़री की मेहनत का परिणाम है, बल्कि बारानी कृषि में तकनीकी प्रगति और किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम भी है।