गरबा पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा के लिए पुलिस का ‘बीट गर्ल’ ऑपरेशन

Share

सादी वेशभूषा में पहुंचीं महिला कांस्टेबल, मनचलों पर रखी नजर, पुरुष पुलिसकर्मी को मनचला बनाकर किया डिकॉय ऑपरेशन
उदयपुर, 16 अक्टूबर
: नवरात्र के दौरान शहर के विभिन्न गरबा और डांडिया पंडालों में महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उदयपुर पुलिस ने विशेष डिकॉय ऑपरेशन चलाया। जिला पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन की पहल पर कालिका पेट्रोलिंग टीम की महिला पुलिसकर्मियों ने गरबा की रंग-बिरंगी पोशाक पहनकर पंडालों में युवतियों के बीच पहुंचकर नृत्य में भाग लिया और सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान मनचलों और छेड़छाड़ करने वालों पर नजर रखी गई।
पुलिसकर्मियों ने आम युवतियों की तरह गरबा और डांडिया में भागीदारी निभाई, ताकि असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर नजर रखी जा सके। ऑपरेशन का उद्देश्य महिलाओं के साथ होने वाली छेड़छाड़ जैसी घटनाओं के प्रति सतर्कता बढ़ाना और ऐसे कृत्य करने वालों को कानून के प्रति सचेत करना था।
महिला पुलिसकर्मियों ने गरबा पोशाक में की निगरानी
पुलिस उप अधीक्षक छवि शर्मा ने बताया कि शहर में आयोजित सार्वजनिक गरबा-डांडिया कार्यक्रमों में महिलाओं की सुरक्षा मजबूत करने के लिए यह विशेष प्रयास किया गया। कालिका पेट्रोलिंग टीम की तीन महिला कांस्टेबल गरबा की पोशाक पहनकर हाथीपोल थाना क्षेत्र के गरबा पंडाल में पहुंचीं और अन्य युवतियों के बीच गरबा किया। इस दौरान पुरुष पुलिसकर्मी को मनचला बनाकर डिकॉय ऑपरेशन भी किया गया।
पुलिस की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं में सुरक्षा का भरोसा मजबूत करना और असामाजिक तत्वों को कानून के प्रति सचेत करना है।
पुलिस ने महिलाओं से की अपील
अभियान में महिला थाना अधिकारी सुशीला लोईवाल, कालिका पेट्रोलिंग टीम की प्रभारी हेड कांस्टेबल सविता पाटीदार, भंवर कंवर सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। हाथीपोल थानाधिकारी राजू राज ने आयोजन में मौजूद महिलाओं और युवतियों को जागरूक करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की अभद्रता, छेड़छाड़ या असहज व्यवहार होने पर चुप रहने के बजाय तुरंत पुलिस को सूचना दें।