राखी की डोर को डाक का सहारा, बुकिंग पर 10 प्रतिशत छूट; शुरुआती बहनों को उपहार

Share

उदयपुर, 13 अगस्त (ऋचा पानेरी): रक्षाबंधन पर दूर बैठे भाई तक बहन का स्नेह पहुंचाने के लिए डाक विभाग ने विशेष पहल की है। राखी की बुकिंग पर 10 प्रतिशत की विशेष छूट दी जा रही है। इसके साथ शुरुआती बुकिंग कराने वाली बहनों को विशेष उपहार भी दिए जा रहे हैं। डाकघरों में राखी भेजने के लिए आकर्षक लिफाफे और बॉक्स भी उपलब्ध कराए गए हैं।
समय पर राखी पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था
शास्त्री सर्कल उदयपुर डाकघर के मुख्य पोस्टमास्टर विनय जोशी ने बताया कि रक्षाबंधन को देखते हुए देशभर में राखी और शुभकामनाएं पहुंचाने के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। बहनें डाकघर के माध्यम से राखी सुरक्षित तरीके से भाइयों तक भेज सकती हैं।
रिश्तों की डोर को डाक से जोड़ने की पहल
विनय जोशी ने कहा कि डाक विभाग के लिए राखी भेजना केवल डाक सेवा नहीं, बल्कि दूर रह रहे भाई-बहनों के बीच भावनात्मक जुड़ाव का माध्यम भी है। शुरुआती बुकिंग कराने वाली कुछ बहनों को विशेष उपहार देकर उनका उत्साह बढ़ाया गया।डाक विभाग की यह पहल ऐसे परिवारों के लिए खास है, जिनके भाई दूसरे शहरों या राज्यों में रहते हैं। राखी की बुकिंग को लेकर डाकघरों में महिलाओं में उत्साह नजर आ रहा है। विभाग का प्रयास है कि त्योहार से पहले राखियां सुरक्षित और समय पर अपने गंतव्य तक पहुंचें।