उदयपुर, 12 अप्रैल: झीलों की नगरी उदयपुर के फील्ड क्लब में आयोजित प्रोफेशनल प्रीमियर टेनिस लीग (पीपीटीएल) सीजन-3 का समापन रोमांचक मुकाबलों के साथ हुआ, जहां जयपुर की टीए ऑल स्टार्स टीम ने खिताब अपने नाम किया। फाइनल में देहरादून की टॉपस्पिन टाइटंस के खिलाफ 2-1 से जीत दर्ज कर टीम ने शानदार प्रदर्शन किया।
टूर्नामेंट के निर्णायक मुकाबलों में खिलाड़ियों की फिटनेस, तकनीक और मानसिक मजबूती देखने को मिली। तेज सर्विस और सटीक रिटर्न के दम पर जयपुर की टीम ने दबाव में बेहतरीन खेल दिखाया। जीत के बाद खिलाड़ियों और दर्शकों में उत्साह का माहौल रहा।
ओपन डबल्स वर्ग में प्रतीशेखर और गौतम जैन की जोड़ी ने शानदार तालमेल दिखाते हुए कार्तिक कन्नन और अतुल अरोड़ा को हराकर खिताब जीता। वहीं 100 प्लस वर्ग में तपन शर्मा और विकास कालरा ने रोमांचक मुकाबले में 9-8 से जीत दर्ज की।
120 प्लस वर्ग में अनिल एमएम और बृजेश की जोड़ी ने अनुभव का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल की। गर्ल्स फाइनल में जनिस ने रमा को हराकर पहला स्थान प्राप्त किया।
इस सफल आयोजन में विभिन्न प्रायोजकों और आयोजन समिति का महत्वपूर्ण योगदान रहा। पीपीटीएल ने एक बार फिर साबित किया कि उदयपुर खेलों का उभरता केंद्र बन रहा है।