स्व. भंडारी की जयंती पर श्रद्धांजलि, राष्ट्रसेवा को बताया प्रेरणा स्रोत

Share

उदयपुर, 12 अप्रैल: भारतीय जनसंघ के संस्थापक सदस्यों में अग्रणी और पूर्व राज्यपाल स्वर्गीय सुंदर सिंह भंडारी की 104वीं जयंती पर गोवर्धन सागर स्थित स्वर्ण जयंती पार्क में उनकी प्रतिमा पर श्रद्धांजलि अर्पित की गई। इस अवसर पर सुंदर सिंह भंडारी चैरिटेबल ट्रस्ट द्वारा कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
ट्रस्ट अध्यक्ष एवं नगर विधायक ताराचंद जैन ने भंडारी जी को कुशल संगठन शिल्पी बताते हुए कहा कि उनका जीवन राष्ट्र और संगठन के लिए पूर्णतः समर्पित रहा। उन्होंने अपने आदर्शों और सिद्धांतों से लाखों कार्यकर्ताओं को प्रेरित किया।
महासचिव डॉ. उमाशंकर शर्मा ने कहा कि भंडारी जी सादगी, अनुशासन और सेवा भावना के प्रतीक थे। उनके विचार आज भी समाज और संगठन को दिशा देने में प्रासंगिक हैं। कोषाध्यक्ष कुंतीलाल जैन ने उनके जीवन को त्याग और तपस्या का अनुपम उदाहरण बताया।
कार्यक्रम में ट्रस्ट के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और सामाजिक कार्यकर्ताओं ने उनके जीवन से प्रेरणा लेने का संकल्प लिया। अंत में सभी ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और राष्ट्रसेवा के मार्ग पर चलने का आह्वान किया।