उदयपुर, 16 जून : सोशल मीडिया पर लाइक और व्यूज बटोरने के चक्कर में फतेहसागर झील किनारे नकली सांप से प्रैंक वीडियो बनाना चार युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने सोशल मीडिया इन्फ्लूएंसर सहित चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों ने 13 जून को फतेहसागर झील पर घूमने आए पर्यटकों, महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों पर नकली सांप फेंककर प्रैंक किया था। इससे मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग डरकर इधर-उधर भागने लगे।
आरोपियों ने घटना का वीडियो बनाकर 14 जून को सोशल मीडिया पर अपलोड कर दिया। वीडियो वायरल होने के बाद लोगों ने इस तरह के प्रैंक पर आपत्ति जताई। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए चारों युवकों को गिरफ्तार कर लिया। बाद में उन्हें एडीएम कोर्ट में पेश किया गया, जहां से जमानत पर रिहा कर दिया गया।
पुलिस ने आरोपियों का माफीनामा वीडियो भी जारी किया है, जिसमें वे हाथ जोड़कर भविष्य में ऐसी हरकत नहीं करने की बात कह रहे हैं। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर लोगों में भय और दहशत फैलाने वाली रील बनाना गैरकानूनी है। उन्होंने कहा कि लाइक और व्यूज के लिए किसी की जान जोखिम में डालना अपराध है। पुलिस ऐसे मामलों पर लगातार नजर रख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
200 फीट गहरे कुएं में गिरने से महिला की मौत, दूसरे दिन निकाला शव
उदयपुर, 16 जून : गोगुंदा थाना क्षेत्र के मजाम गांव की जोगी बस्ती में पानी भरने गई एक महिला की 200 फीट गहरे कुएं में गिरने से मौत हो गई। मृतका कमला (46) पत्नी नाना जोगी सोमवार शाम करीब पांच बजे घर के लिए पीने का पानी लेने कुएं पर गई थी। पानी निकालते समय अचानक उसका पैर फिसल गया और वह कुएं में जा गिरी।
महिला के साथ मौजूद एक बच्चे ने घटना देख शोर मचाया, जिसके बाद आसपास खेतों में काम कर रहे ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों ने महिला को बचाने का प्रयास किया, लेकिन कुआं अत्यधिक गहरा होने और पानी से भरा होने के कारण सफलता नहीं मिल सकी। सूचना पर गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन अंधेरा होने के कारण रात में रेस्क्यू संभव नहीं हो पाया।
मंगलवार सुबह पुलिस और ग्रामीणों ने संयुक्त रूप से रेस्क्यू अभियान चलाया। कई घंटों की मशक्कत के बाद महिला का शव कुएं से बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को गोगुंदा अस्पताल की मोर्च्युरी में रखवाकर पोस्टमॉर्टम कराया। थानाधिकारी श्यामसिंह चारण ने बताया कि परिजनों की रिपोर्ट के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। घटना के बाद गांव में शोक का माहौल है।
सरपंच पर जानलेवा हमला, 7 आरोपी गिरफ्तार
उदयपुर, 16 जून: बाघपुरा थाना पुलिस ने सरपंच पर तलवार और लाठियों से जानलेवा हमला करने के मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में प्रयुक्त तलवार और लाठियां भी बरामद की हैं।
पुलिस के अनुसार 13 मार्च 2026 को रिछावर निवासी सुरेश और भैरूलाल की सेलाणा गांव में हत्या कर दी गई थी। इसके विरोध में 15 मार्च को मौताणे की मांग को लेकर प्रदर्शन हुआ था। इसी दौरान उग्र भीड़ ने सरपंच मुकेश पर हमला कर दिया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए डीएसपी विवेक सिंह के निर्देशन में विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की गई।
थानाधिकारी वेलाराम ने बताया कि गिरफ्तार आरोपियों में दिनेश, प्रकाश, धूलाराम, कानालाल, मांगीलाल, नकाराम और नरेश शामिल हैं। सभी आरोपी रिछावर गांव के निवासी हैं। पुलिस ने बताया कि डबल मर्डर की घटना के बाद क्षेत्र में तनावपूर्ण माहौल था और इसी दौरान सरपंच पर हमला किया गया था।
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है और मामले में अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।
सूने मकान में लाखों की चोरी, CCTV में कैद हुए नकाबपोश
चित्तौड़गढ़, 16 जून: वल्लभ विहार क्षेत्र में चोरों ने एक सूने मकान को निशाना बनाकर लाखों रुपए के जेवर, नकदी और अन्य सामान पर हाथ साफ कर दिया। परिवार गर्मियों की छुट्टियां मनाने महाराष्ट्र गया हुआ था। घटना का खुलासा तब हुआ जब पड़ोसियों ने मकान मालिक को फोन कर घर में चोरी होने की सूचना दी।
मकान मालिक मनोज व्यास वर्तमान में अहमदनगर में रहते हैं। सूचना मिलने पर उनके छोटे भाई विद्यासागर व्यास मौके पर पहुंचे। घर के अंदर सामान बिखरा पड़ा था और अलमारियों के ताले टूटे हुए थे। चोर सोने का मंगलसूत्र, चांदी के आभूषण, सिक्के, मूर्तियां, इलेक्ट्रॉनिक सामान और करीब 10 हजार रुपए नकद चुरा ले गए।
कोतवाली थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में तीन नकाबपोश संदिग्ध दिखाई दिए हैं। फुटेज में वे घर में प्रवेश करते और बाहर निकलते नजर आ रहे हैं। पुलिस उनकी पहचान करने का प्रयास कर रही है।
मामले में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर चोरी का खुलासा किया जाएगा।
लग्जरी कार से 5 लाख की शराब जब्त, तस्कर फरार
डूंगरपुर, 16 जून: जिला स्पेशल पुलिस टीम (डीएसटी) ने राजस्थान-गुजरात हाइवे पर कार्रवाई करते हुए एक लग्जरी कार से करीब 5 लाख रुपए मूल्य की अवैध अंग्रेजी शराब जब्त की है। शराब गुजरात ले जाई जा रही थी, लेकिन चालक मौके से फरार हो गया। डीएसटी को सूचना मिली थी कि गुजरात नंबर की एक सफेद क्रेटा कार में शराब की खेप ले जाई जा रही है। सूचना पर सदर थाना क्षेत्र के मोतली मोड़ के पास नाकाबंदी की गई। पुलिस ने संदिग्ध वाहन को रोकने का प्रयास किया, लेकिन चालक कार को सर्विस रोड की ओर मोड़कर भाग निकला।
जहरीला पदार्थ खाने से विवाहिता और युवक की मौत
बांसवाड़ा, 16 जून : जिले के दानपुर और भुंगड़ा थाना क्षेत्रों में जहरीले पदार्थ के सेवन से एक युवक और एक विवाहिता की मौत हो गई। दोनों को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
दानपुर थाना क्षेत्र के घाटीपाड़ा गांव निवासी अंकित मईड़ा (20) ने सोमवार शाम अपने घर पर जहरीली दवा का सेवन कर लिया। परिजन उसे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन मंगलवार सुबह उसकी मौत हो गई। परिजनों ने किसी प्रकार का संदेह व्यक्त नहीं किया और पोस्टमॉर्टम कराने से भी इनकार कर दिया। इसके बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
दूसरी घटना भुंगड़ा थाना क्षेत्र के पाड़ला गांव की है। यहां केसर (22) पत्नी हीरालाल चरपोटा ने अज्ञात कारणों से जहरीली दवा खा ली। गंभीर हालत में उसे एमजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि विवाहिता की शादी चार वर्ष पहले हुई थी। सात वर्ष से कम वैवाहिक अवधि होने के कारण मामले की जांच एसडीएम स्तर पर कराई जा रही है। दोनों मामलों में जहर खाने के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।