रथयात्रा की तैयारियां तेज, आज 5000 केसरिया पताकाओं से सजेगा पूरा मार्ग

Share

100 कार्यकर्ता भजन-कीर्तन के साथ करेंगे सजावट, 16 जुलाई को निकलेगी भगवान जगन्नाथ की भव्य रथयात्रा
उदयपुर, 7 जुलाई:
भगवान श्री जगन्नाथ रायजी की 16 जुलाई को प्रस्तावित भव्य रथयात्रा महोत्सव की तैयारियां जोर-शोर से शुरू हो गई हैं। इसी क्रम में बुधवार शाम आरती के बाद श्री रथ समिति उदयपुर के तत्वावधान में रथयात्रा मार्ग को करीब 5,000 केसरिया पताकाओं से सजाया जाएगा। समिति के लगभग 100 कार्यकर्ता भजन-कीर्तन करते हुए पूरे मार्ग पर आकर्षक सजावट करेंगे, जिससे शहर में रथयात्रा का धार्मिक और उत्सवी माहौल नजर आएगा।
श्री रथ समिति के युवा बालगोपाल योगेश कसारा, धवन गहलोत, नवनीत वैष्णव, भावेश कसारा, हर्षित जीनगर, राहुल कसारा, गोविन्द सिंह राजपूत, अजय माली, कल्पित भोई, विक्रम एवं जयेश श्रीमाली सहित युवाओं ने स्वयं 5,000 केसरिया पताकाएं तैयार की हैं। समिति के पदाधिकारी घनश्याम चावला, राजेन्द्र श्रीमाली, सुरेन्द्र सिंह, कार्तिक दखनी, निलेश जीनगर और रवि माली के निर्देशन में सजावट का कार्य किया जाएगा।
जगदीश चौक से प्रारंभ होकर घंटाघर, बड़ा बाजार, मोचीवाड़ा, भुडभुजा घाटी, भोपालवाड़ी, धानमंडी, मार्शल चौराहा, झीणीरेत चौक, आरएमवी रोड, कैलाश कॉलोनी, कालाजी-गौराजी चौराहा, गुलाबबाग रोड, रंगनिवास चौराहा, भट्टियानी चौहट्टा होते हुए पुनः जगदीश चौक तक संपूर्ण रथयात्रा मार्ग को केसरिया पताकाओं से सजाया जाएगा। समिति का उद्देश्य भगवान जगन्नाथ की रथयात्रा को भव्य, आकर्षक और श्रद्धामय स्वरूप प्रदान करना है।