बाघ संरक्षण और मानव-वन्यजीव संघर्ष पर राष्ट्रीय स्तर की बैठकों में रखेंगे अनुभव
उदयपुर, 7 जुलाई: राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण (एनटीसीए) के सदस्य एवं राजस्थान के सेवानिवृत्त मुख्य वन संरक्षक राहुल भटनागर राष्ट्रीय स्तर के दो महत्वपूर्ण वन्यजीव संरक्षण कार्यक्रमों में भाग लेंगे। वन्यजीव संरक्षण और बाघ प्रबंधन के क्षेत्र में उनके लंबे अनुभव को देखते हुए उनकी सहभागिता को मेवाड़ सहित पूरे राजस्थान के लिए गौरवपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।
9 जुलाई को कोयम्बटूर स्थित सेंट्रल एकेडमी फॉर स्टेट फॉरेस्ट सर्विस (CASFOS) में आयोजित एनटीसीए की 29वीं बैठक में केंद्रीय पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्री भूपेन्द्र यादव अध्यक्षता करेंगे। इसके अगले दिन मानव-वन्यजीव संघर्ष विषय पर राष्ट्रीय कार्यशाला तथा सेंटर ऑफ एक्सीलेंस का शुभारंभ होगा।
कार्यशाला में मानव-हाथी संघर्ष, बड़े मांसाहारी वन्यजीवों से उत्पन्न चुनौतियों, आधुनिक तकनीकों, नवाचार आधारित समाधान और भविष्य की संरक्षण रणनीतियों पर विस्तृत मंथन होगा। साथ ही मानव-वन्यजीव संघर्ष पोर्टल का शुभारंभ और राष्ट्रीय प्रकाशन का विमोचन भी किया जाएगा। राहुल भटनागर इन विषयों पर अपने अनुभव साझा करेंगे।