उदयपुर में ‘पिंक टॉयलेट’ की पहल को लेकर प्रस्ताव

Share

महिला पर्यटकों को मिलेंगी आधुनिक सुविधाएं

बीसीआई टूरिज्म ने सरकार और कॉर्पोरेट्स को भेजा प्रस्ताव, उदयपुर बन सकता है प्रदेश का पहला महिला-हितैषी पर्यटन शहर
उदयपुर, 21 अप्रैल
: पर्यटन नगरी उदयपुर को महिला-हितैषी और आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में बिजनेस सर्कल इंटरनेशनल (बीसीआई) टूरिज्म ने प्रमुख पर्यटन स्थलों पर “पिंक टॉयलेट” स्थापित करने का प्रस्ताव तैयार किया है। इस पहल को लेकर संगठन ने इसे केंद्र और राज्य सरकार सहित विभिन्न विभागों एवं कॉर्पोरेट संस्थानों को भेजा है।
बीसीआई फाउंडर चेयरमैन मुकेश माधवानी ने बताया कि प्रस्ताव प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी, स्थानीय जनप्रतिनिधियों, नगर निगम, यूडीए और पर्यटन विभाग सहित वेदांता समूह के सीएसआर विभाग तक भेजा गया है।
बीसीआई टूरिज्म अध्यक्ष डॉ. श्रद्धा गट्टानी ने बताया कि महिला पर्यटकों की बढ़ती संख्या को देखते हुए सुरक्षित, स्वच्छ और सुविधायुक्त शौचालयों की आवश्यकता महसूस की गई है। कई पर्यटन स्थलों पर बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण महिलाओं को परेशानी का सामना करना पड़ता है, जिसे दूर करने के लिए यह पहल की गई है।
जनरल सेक्रेटरी सुरभि मेनारिया धींग ने बताया कि प्रस्तावित पिंक टॉयलेट मॉडल में सैनिटरी पैड वेंडिंग मशीन, इन्सिनरेटर, बेबी केयर एवं फीडिंग एरिया जैसी आधुनिक सुविधाएं शामिल होंगी। साथ ही संचालन के लिए महिला स्टाफ की नियुक्ति और डिजिटल मैपिंग की व्यवस्था भी की जाएगी।
ट्रेजरर स्वाति स्वरूपरिया ने कहा कि यदि यह परियोजना सफल होती है तो उदयपुर देश का पहला ऐसा शहर बन सकता है जहां महिला-विशेष पिंक टॉयलेट सुविधा उपलब्ध होगी। इससे न केवल महिला सुरक्षा और सुविधा बढ़ेगी बल्कि स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी सृजित होंगे।
संगठन का मानना है कि यह मॉडल सफल होने पर पूरे देश में पर्यटन स्थलों के लिए एक आदर्श बेंचमार्क बन सकता है।