कलश यात्रा के साथ श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ

Share

विवेक नगर में श्रद्धा और भक्ति के माहौल में सात दिवसीय आयोजन शुरू, बड़ी संख्या में उमड़े श्रद्धालु
उदयपुर, 21 अप्रैल:
विवेक नगर सेक्टर-3 स्थित विवेक पार्क में मंगलवार से सात दिवसीय संगीतमय श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ कलश एवं पोथी यात्रा के साथ हुआ। श्रद्धा, भक्ति और उत्साह से ओतप्रोत इस आयोजन में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। कथा व्यास पुष्कर दास महाराज के सानिध्य में आयोजित इस धार्मिक आयोजन ने पूरे क्षेत्र को भक्तिमय वातावरण से सराबोर कर दिया।
कार्यक्रम की शुरुआत हिरणेश्वर महादेव मंदिर में विधि-विधान के साथ पोथी एवं कलश पूजन से हुई। इसके बाद महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा में सिर पर कलश धारण कर भव्य शोभायात्रा निकाली, वहीं श्रद्धालुओं ने सिर पर पोथी रखकर भजनों की धुन पर नगर भ्रमण किया। मार्ग में विभिन्न स्थानों पर पुष्पवर्षा कर श्रद्धालुओं का स्वागत किया गया।
कथा पंडाल पहुंचने पर विवेक नगर मंडल के सदस्यों ने विधिवत व्यासपीठ पूजन कर कथा व्यास पुष्कर दास महाराज का सम्मान किया। प्रथम दिवस की कथा में महाराज ने कहा कि वर्तमान समय में बढ़ती अशांति को दूर करने का सबसे प्रभावी माध्यम सत्संग और कथा श्रवण है। उन्होंने श्रीमद्भागवत के प्रथम श्लोक “तापत्रय विनाशाय” का उल्लेख करते हुए कहा कि कथा मनुष्य के सभी कष्टों का निवारण करने का मार्ग दिखाती है।
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के उपदेशों और भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाकर ही मनुष्य सच्चे धर्म और शांति की अनुभूति कर सकता है। संयोजक विठ्ठल वैष्णव ने बताया कि कथा प्रतिदिन शाम 3:30 से 6:30 बजे तक आयोजित होगी। प्रथम दिवस पर श्याम लाहोटी, कन्हैया शर्मा, गोपाल चांडक सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।