उदयपुर, 21 सितम्बर: अवैध मदिरा निर्माण, भंडारण, परिवहन एवं विक्रय के खिलाफ चल रहे विशेष निरोधात्मक अभियान के तहत उदयपुर संभाग में आबकारी विभाग की कार्रवाई जारी है। उदयपुर में गैर लाइसेंसी हिल्यूजन कैफे पर दबिश देकर प्रीमियम ब्रांड की होगार्डन बीयर सहित 102 बीयर जब्त की गई। कार्रवाई के दौरान कैफे संचालक तेजेन्द्र को गिरफ्तार किया गया, जबकि कैफे मालिक राही नागर की तलाश की जा रही है।
आबकारी अधिकारी विकास चारण के नेतृत्व में प्रहराधिकारी दौलत सिंह ने नाथावतों का गुड़ा स्थित हिल्यूजन कैफे पर कार्रवाई की। इस दौरान होमगार्ड सुरेश ने भी सहयोग किया।
संभाग के अन्य जिलों में भी अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई की गई। बांसवाड़ा में 950 लीटर वॉश नष्ट करते हुए पांच अभियोग दर्ज किए गए। अभियान के तहत विभाग द्वारा संभाग सहित प्रदेशभर में नाकाबंदी, दबिश और सघन गश्त की जा रही है। आबकारी विभाग ने अवैध मदिरा के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने की बात कही है।