चित्तौड़गढ़, 13 अप्रैल: उत्तर-पश्चिम रेलवे के अजमेर मंडल में निर्माण कार्य के चलते रेल यातायात प्रभावित रहेगा। चित्तौड़गढ़-उदयपुर रेलखंड पर ब्रिज निर्माण के कारण कई ट्रेनों को रीशेड्यूल किया गया है, जिससे यात्रियों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ेगा।
रेलवे अधिकारियों के अनुसार झड़वासा और बांदनवाड़ा स्टेशनों के बीच ब्रिज संख्या 74 पर आरसीसी बॉक्स डालने का कार्य चल रहा है। सुरक्षा कारणों से ब्लॉक लिया गया है, जिससे ट्रेनों के संचालन समय में बदलाव किया गया है।
गाड़ी संख्या 14802 इंदौर-जोधपुर ट्रेन 14 अप्रैल को 4 घंटे 30 मिनट देरी से चलेगी। वहीं काचीगुड़ा-भगत की कोठी ट्रेन 12 अप्रैल को 4.5 घंटे देरी से रवाना होगी। जोधपुर-इंदौर ट्रेन भी 3.5 घंटे देरी से चलेगी।
इसके अलावा जयपुर-उदयपुर सिटी ट्रेन को बीच रास्ते में लगभग 15 मिनट के लिए रोका जाएगा, जिससे गंतव्य तक पहुंचने में देरी संभव है। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले ट्रेन का स्टेटस जरूर जांच लें।