तेज हवा के साथ बारिश, बापू बाजार में गिरा स्वागत द्वार; कई वाहन क्षतिग्रस्त

Share

उदयपुर, 18 जून: कई दिनों से भीषण गर्मी और उमस से जूझ रहे उदयपुरवासियों को बुधवार शाम हुई प्री-मानसून बारिश से राहत मिली। दोपहर बाद अचानक मौसम बदला और शहर सहित जिले के कई क्षेत्रों में तेज हवा के साथ झमाझम बारिश शुरू हो गई। हालांकि बारिश के बीच बापू बाजार में प्रताप जयंती के अवसर पर लगाया गया स्वागत द्वार गिरने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में तीन-चार दोपहिया वाहन और एक कार क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि कोई जनहानि नहीं हुई।

बारिश के कारण शहर के 100 फीट रोड, आरके सर्कल सहित कई क्षेत्रों में जलभराव की स्थिति बन गई। गिर्वा क्षेत्र समेत कई इलाकों में बिजली आपूर्ति भी प्रभावित रही। खेमली, डबोक, जिंक स्मेल्टर, साकरोदा, कुराबड़, सविना, तीतरड़ी, भटेवर, खोखरवास, पलाना कलां और मावली क्षेत्र में भी अच्छी बारिश दर्ज की गई।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज हवा के कारण अस्थायी स्वागत द्वार असंतुलित होकर सड़क पर गिर पड़ा। घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात सुचारू कराया गया। मौसम विशेषज्ञ डॉ. आर.एस. देवड़ा ने बताया कि प्री-मानसून गतिविधियों और पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से आगामी दिनों में भी तेज हवा, आंधी और हल्की बारिश की संभावना बनी हुई है।