आज से 16 सितंबर तक राजस्थान में फिर बढ़ेगी बारिश की गतिविधियां

Share

कोटा-उदयपुर संभाग में 13-14 सितंबर को मध्यम से भारी बारिश के आसार, मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की भी चेतावनी
उदयपुर, 11 सितंबर:
राजस्थान में बारिश का दौर एक बार फिर जोर पकड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार 12 से 16 सितंबर के दौरान जयपुर, भरतपुर, कोटा, उदयपुर और अजमेर संभाग के कुछ हिस्सों में मेघगर्जन और आकाशीय बिजली चमकने के साथ बारिश की गतिविधियों में बढ़ोतरी होने की प्रबल संभावना है।
विशेष रूप से 13 और 14 सितंबर को कोटा एवं उदयपुर संभाग तथा आसपास के क्षेत्रों में कहीं-कहीं मध्यम से भारी बारिश होने की संभावना जताई गई है। ऐसे में उदयपुर संभाग के कई जिलों में बारिश का असर देखने को मिल सकता है।
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार इस दौरान स्थानीय स्तर पर बनने वाले मौसम तंत्र के कारण बारिश की तीव्रता में उतार-चढ़ाव रह सकता है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश के साथ मेघगर्जन और आकाशीय बिजली की गतिविधियां भी हो सकती हैं।
बारिश के दौरान लोगों को खुले स्थानों, पेड़ों और बिजली के खंभों के आसपास खड़े रहने से बचने की सलाह दी गई है। विशेषकर आकाशीय बिजली की गतिविधि के दौरान सावधानी बरतने की जरूरत रहेगी। 13-14 सितंबर को कोटा और उदयपुर संभाग में अपेक्षाकृत अधिक बारिश की संभावना को देखते हुए स्थानीय स्तर पर जलभराव और आवागमन प्रभावित होने जैसी स्थिति पर भी नजर रहेगी।