रेलवे स्टेशन और पाला गणेश-गुलाबबाग क्षेत्र से लाए गए, सेवा-उपचार के बाद पुनर्वास की प्रक्रिया
उदयपुर, 11 सितंबर: सड़क किनारे बेसहारा जीवन जी रहे दो आश्रयहीन व्यक्तियों को अपना घर आश्रम उदयपुर, बेदला की टीम ने रेस्क्यू कर आश्रम में भर्ती कराया। आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया ने बताया कि रघुनाथ भाट की सूचना पर सिटी रेलवे स्टेशन से एक आश्रयहीन व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया। वहीं रामलाल भाई की सूचना पर पाला गणेश, गुलाबबाग-किशनपोल रोड क्षेत्र में करीब चार माह से लावारिस स्थिति में रह रहे दूसरे व्यक्ति को रेस्क्यू किया गया। दोनों को सेवा, उपचार और पुनर्वास के लिए आश्रम लाया गया। अभियान में आश्रम अध्यक्ष गोपाल कनेरिया, प्रभारी कमल सोनी और सेवा साथी रोहित कुमार का सहयोग रहा। कनेरिया के अनुसार पिछले साढ़े पांच वर्षों में आश्रम ने 430 आश्रयहीन व्यक्तियों को रेस्क्यू कर भर्ती किया है। इनमें 119 को उनके परिवारों से मिलाया जा चुका है। वर्तमान में 44 प्रभुजी आश्रम में निवासरत हैं।