राष्ट्रीय स्तर पर योग आयोजन और डिजिटल समन्वय के लिए मिली पहचान
उदयपुर, 29 जून : जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर उत्कृष्ट आयोजन के लिए भारत सरकार के आयुष मंत्रालय की ओर से प्रतिष्ठित ‘योग संगम पत्र’ प्रदान किया गया है। यह सम्मान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में कोलकाता में आयोजित राष्ट्रीय योग कार्यक्रम के साथ रियल-टाइम डिजिटल समन्वय और सफल योग सत्रों के आयोजन के लिए मिला है।
कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने इसे भारतीय संस्कृति, स्वास्थ्य और योग के प्रति विद्यापीठ की प्रतिबद्धता का सम्मान बताया। उन्होंने कहा कि योग केवल एक दिवस का कार्यक्रम नहीं, बल्कि जीवन जीने की कला है। रजिस्ट्रार डॉ. तरुण श्रीमाली ने कहा कि यह सम्मान संस्थान के प्रभावी प्रबंधन और टीमवर्क का परिणाम है। ऑनलाइन समन्वयक डॉ. चंद्रेश छतलानी ने बताया कि राष्ट्रीय पोर्टल के साथ रियल-टाइम डेटा और गतिविधियों का समन्वय इस आयोजन की बड़ी उपलब्धि रही। योग दिवस समन्वयक डॉ. रोहित कुमावत ने इसे पूरी योग एवं तकनीकी टीम के सामूहिक प्रयास का प्रतिफल बताया। इस अवसर पर विद्यापीठ के कई शिक्षाविद् और पदाधिकारी उपस्थित रहे।