यमुना जल समझौते का भाजपा ने किया स्वागत, बताया राजस्थान के लिए ऐतिहासिक उपलब्धि

Share

किसानों, सिंचाई और पेयजल व्यवस्था को मिलेगा लाभ : भाजपा
उदयपुर, 29 जून:
भारतीय जनता पार्टी उदयपुर ने राजस्थान और हरियाणा के बीच हुए यमुना जल समझौते का स्वागत करते हुए इसे प्रदेश के जल इतिहास में मील का पत्थर बताया है। भाजपा नेताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा के नेतृत्व में वर्षों से लंबित यह मुद्दा सुलझा है, जिससे किसानों, उद्योगों और आमजन को दीर्घकालिक लाभ मिलेगा।
भाजपा शहर अध्यक्ष गजपाल सिंह राठौड़, देहात अध्यक्ष पुष्कर तेली तथा अन्य नेताओं ने कहा कि यह समझौता केवल जल बंटवारे तक सीमित नहीं, बल्कि प्रदेश के विकास और भविष्य की मजबूत नींव है। प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. अलका मुंदड़ा ने इसे मुख्यमंत्री की दूरदर्शी सोच और राजस्थान के हितों के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम बताया। भाजपा नेताओं ने कहा कि समझौते से पेयजल, सिंचाई, कृषि, उद्योग और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी। पार्टी पदाधिकारियों ने इस उपलब्धि पर मुख्यमंत्री, राज्य सरकार और सभी संबंधित पक्षों को बधाई देते हुए विश्वास जताया कि यह निर्णय प्रदेश के जल संसाधनों को मजबूत करने के साथ विकास को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाएगा।