आईआईआरएफ-2026 में राजस्थान विद्यापीठ का परचम, बीसीए और बीबीए को राजस्थान में पहला स्थान

Share

प्रतिष्ठित रैंकिंग में मिली बड़ी उपलब्धि, कुलपति प्रो. एस.एस. सारंगदेवोत ने बताया गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और समर्पित प्रयासों का परिणाम
उदयपुर, 20 जुलाई:
जनार्दन राय नागर राजस्थान विद्यापीठ (डीम्ड-टू-बी विश्वविद्यालय) ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में एक और उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की है। प्रतिष्ठित आईआईआरएफ (Indian Institutional Ranking Framework) 2026 की नवीनतम रैंकिंग में विश्वविद्यालय के बीसीए और बीबीए पाठ्यक्रमों को राजस्थान में प्रथम स्थान प्राप्त हुआ है। इस उपलब्धि से विश्वविद्यालय ने प्रदेश में अपनी शैक्षणिक उत्कृष्टता का परचम लहराया है।
कुलपति प्रो. कर्नल (मानद) एस.एस. सारंगदेवोत ने इसे विश्वविद्यालय के शिक्षकों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों का परिणाम बताते हुए कहा कि 1937 में पंडित जनार्दन राय नागर द्वारा शुरू किए गए शिक्षा आंदोलन का उद्देश्य समाज के वंचित वर्गों को मुख्यधारा से जोड़ना था और आज यह संस्थान उसी सोच को आगे बढ़ाते हुए राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बना रहा है।
कुलसचिव डॉ. तरुण श्रीमाली ने कहा कि यह रैंकिंग विश्वविद्यालय की शैक्षणिक गुणवत्ता और सुदृढ़ कार्यप्रणाली की पुष्टि करती है। वहीं रैंकिंग समन्वयक डॉ. चंद्रेश कुमार छतलानी के अनुसार शिक्षण गुणवत्ता, अनुसंधान, डिजिटल संसाधन, प्लेसमेंट और अंतरराष्ट्रीय मानकों जैसे मापदंडों पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर यह उपलब्धि हासिल हुई है। इससे पहले भी विद्यापीठ आईआईआरएफ इम्पैक्ट रैंकिंग में देशभर में 39वें स्थान पर रह चुका है।