लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंची राजस्थान की महिला व पुरुष लेक्रोजे टीम

Share

उदयपुर, 12 मई: हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर में आयोजित तृतीय फेडरेशन कप लेक्रोज प्रतियोगिता में राजस्थान की महिला एवं पुरुष दोनों टीमों ने शानदार और दमदार प्रदर्शन करते हुए लगातार तीसरे वर्ष फाइनल में प्रवेश कर प्रदेश का गौरव बढ़ाया है। प्रतियोगिता के रोमांचक मुकाबलों में राजस्थान के खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और टीम भावना का परिचय देते हुए सभी को प्रभावित किया।
महिला वर्ग में राजस्थान टीम ने लीग चरण से ही अपना दबदबा बनाए रखा। टीम ने क्वार्टर फाइनल मुकाबले में असम को पराजित किया तथा सेमीफाइनल में मजबूत महाराष्ट्र टीम को हराकर शानदार अंदाज में फाइनल में प्रवेश किया। अब महिला वर्ग के खिताबी मुकाबले में राजस्थान का सामना हरियाणा से होगा। वहीं पुरुष वर्ग में भी राजस्थान टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए क्वार्टर फाइनल में छत्तीसगढ़ तथा सेमीफाइनल में महाराष्ट्र को एकतरफा मुकाबले में मात देकर लगातार तीसरी बार फाइनल में अपनी जगह सुनिश्चित की। पुरुष वर्ग में राजस्थान का मुकाबला गुजरात और हरियाणा के बीच होने वाले दूसरे सेमीफाइनल के विजेता से होगा।
राजस्थान टीम की इस ऐतिहासिक सफलता के पीछे प्रशिक्षक नीरज बत्रा का महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उनके कुशल प्रशिक्षण और मार्गदर्शन में राजस्थान की टीम पिछले दो वर्षों से फेडरेशन कप खिताब अपने नाम करती आ रही है और इस बार भी खिताब बचाने की प्रबल दावेदार मानी जा रही है। खिलाड़ियों ने मैदान पर शानदार तालमेल और आत्मविश्वास का प्रदर्शन करते हुए दर्शकों और खेल प्रेमियों का दिल जीत लिया।
महिला वर्ग में अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी सुनीता मीणा, डाली गमेती, मीरा दौजा, जुला कुमारी गुर्जर, विशाखा मेघवाल, यशिष्ठा बत्रा, यशोदा गमेती, रोशनी बोस एवं जानवी राठौड़ ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए टीम को जीत दिलाने में अहम भूमिका निभाई। वहीं पुरुष वर्ग में मोहनलाल गमेती, खुमाराम गमेती, निशांत नागदा एवं नारायण लाल गमेती जैसे अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ियों ने अपने दमदार प्रदर्शन से विरोधी टीमों पर दबाव बनाए रखा और राजस्थान को फाइनल तक पहुंचाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राजस्थान की दोनों टीमों के लगातार तीसरी बार फाइनल में पहुंचने से प्रदेश के खेल जगत में खुशी की लहर है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर खेल प्रेमियों, प्रशिक्षकों एवं प्रदेशवासियों ने हर्ष व्यक्त करते हुए फाइनल मुकाबलों के लिए शुभकामनाएं दी हैं।