केंद्रीय कानून मंत्री मेघवाल से मुलाकात, बोले- वर्षों से आंदोलन कर रहे अधिवक्ता
उदयपुर, 8 मई: राज्यसभा सांसद Chunnilal Garasiya ने शुक्रवार को नई दिल्ली में केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री Arjun Ram Meghwal से मुलाकात कर उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच स्थापना की मांग प्रमुखता से उठाई।
सांसद गरासिया ने कहा कि उदयपुर संभाग के अधिवक्ता वर्षों से हर महीने आंदोलन कर रहे हैं और इस मुद्दे को लेकर वकीलों में नाराजगी है। उन्होंने मंत्री को बताया कि मेवाड़-वागड़ सहित दक्षिणी राजस्थान के आदिवासी और दूरस्थ क्षेत्रों के लोगों को न्यायिक कार्यों के लिए जोधपुर तक लंबी दूरी तय करनी पड़ती है, जिससे आर्थिक और सामाजिक परेशानियां बढ़ती हैं।
गरासिया ने कहा कि उदयपुर में हाईकोर्ट बेंच स्थापित होने से लाखों लोगों को न्याय सुलभ और आसान तरीके से मिल सकेगा। उन्होंने क्षेत्र की अन्य विकास और जनहित से जुड़ी समस्याओं से भी केंद्रीय मंत्री को अवगत कराया। केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने सांसद द्वारा उठाए गए विषयों पर गंभीरता से विचार कर उचित स्तर पर सकारात्मक पहल का आश्वासन दिया।