मातृ-शिशु स्वास्थ्य योजनाओं की प्रगति पर हुई समीक्षा, समय पर लाभ दिलाने के निर्देश
उदयपुर, 30 अप्रैल: रविन्द्रनाथ टैगोर मेडिकल कॉलेज में गुरुवार को आरसीएच समन्वयक समिति की समीक्षा बैठक आयोजित हुई। बैठक की अध्यक्षता मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. राहुल जैन ने की। बैठक में पन्नाधाय एवं एमबी चिकित्सालयों के अधीक्षक, स्त्री एवं प्रसूति रोग विभाग, बाल रोग विभाग के विभागाध्यक्ष तथा सीएमएचओ कार्यालय से सीएमएचओ डॉ. अशोक आदित्य, अतिरिक्त सीएमएचओ, डिप्टी सीएमएचओ, आरसीएचओ, डीपीएम सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।त्र
बैठक में जननी सुरक्षा योजना और लाडो प्रोत्साहन योजना के तहत वंचित लाभार्थियों को समय पर लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए। मातृ एवं शिशु मृत्यु की सूचनाएं पोर्टल पर समयबद्ध अपलोड करने के लिए संबंधित कार्मिकों को पाबंद करने पर जोर दिया गया।
साथ ही हेपेटाइटिस-बी टीकाकरण, जन्मजात विकृतियों की स्क्रीनिंग, एचपीवी वैक्सीनेशन अभियान और पीपीआईयूसीडी की प्रगति की समीक्षा कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। बैठक में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सेवाओं को और प्रभावी बनाने पर विशेष बल दिया गया।