छात्राओं ने लगाया नियमों के असमान इस्तेमाल का आरोप, कुलगुरु को ज्ञापन देकर मुकाबला दोबारा कराने की मांग
उदयपुर, 2 अक्टूबर: चित्तौड़गढ़ जिले के राशमी में आयोजित अंतर महाविद्यालय खो-खो महिला प्रतियोगिता में रेफरी के फैसलों को लेकर विवाद सामने आया है। मीरा गर्ल्स कॉलेज उदयपुर की खिलाड़ियों ने मुकाबले में अनियमितताओं का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और मैच दोबारा कराने की मांग की है। छात्राओं ने सुखाड़िया विश्वविद्यालय पहुंचकर कुलगुरु को ज्ञापन भी दिया।
छात्राओं के अनुसार 27 सितंबर को उनकी टीम का मुकाबला आरएनटी कॉलेज, कपासन से हुआ था। उनका आरोप है कि बिना फाउल के भी उनकी टीम के खिलाफ फाउल दिए गए, जबकि विपक्षी टीम के कथित फाउल पर कार्रवाई नहीं की गई। इसी तरह कुछ खिलाड़ियों के आउट होने के बावजूद उन्हें आउट नहीं दिया गया। छात्राओं का कहना है कि दोनों टीमों के लिए आउट और फाउल के नियम समान रूप से लागू नहीं किए गए।
उन्होंने विपक्षी टीम के स्टाफ पर मैदान में शोर-शराबा करने और खिलाड़ियों पर मानसिक दबाव बनाने का आरोप भी लगाया। खिलाड़ियों ने बताया कि मैच के दौरान रेफरी के फैसलों पर आपत्ति दर्ज कराई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
टीम मैनेजर डॉ. नागेंद्र श्रीमाली ने कहा कि आयोजकों को लिखित शिकायत दी गई, लेकिन कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने बताया कि टीम करीब 20 वर्षों से चैम्पियन रही है और इस हार से खिलाड़ियों का मनोबल प्रभावित हुआ है। छात्राओं ने पूरे मामले की जांच की मांग की है।