गुजरात और राजस्थान के प्रमुख शहर जुड़ेंगे, पर्यटन व व्यापार को मिलेगा बढ़ावा; वापसी में 3 अक्टूबर से नियमित संचालन
उदयपुर, 2 अक्टूबर: गुजरात और राजस्थान के प्रमुख शहरों के बीच तेज, आधुनिक और सुविधाजनक रेल यात्रा का विकल्प उपलब्ध कराने वाली सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस का शुभारंभ किया गया। सूरत में आयोजित समारोह में जलशक्ति मंत्री सीआर पाटील ने सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाई। इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से वलसाड-सूरत मेमू ट्रेन का भी शुभारंभ किया गया।
नियमित संचालन में ट्रेन संख्या 26903 सूरत-उदयपुर वंदे भारत एक्सप्रेस 4 अक्टूबर 2026 से सूरत से सुबह 6:40 बजे रवाना होकर दोपहर 1:40 बजे उदयपुर पहुंचेगी। वापसी में ट्रेन संख्या 26904 उदयपुर-सूरत वंदे भारत एक्सप्रेस 3 अक्टूबर से दोपहर 3:33 बजे उदयपुर से रवाना होकर रात 11 बजे सूरत पहुंचेगी।
ट्रेन दोनों दिशाओं में भरूच, वडोदरा, आणंद, मणिनगर, असरवा, हिम्मतनगर, शामलाजी रोड, डूंगरपुर और जावर सहित प्रमुख स्टेशनों पर ठहरेगी। आठ कोच वाली यह वंदे भारत एक्सप्रेस गुजरात और राजस्थान के प्रमुख शहरों को जोड़ने के साथ पर्यटन, व्यापार और क्षेत्रीय आवागमन को बढ़ावा देगी। उदयपुर आने वाले पर्यटकों तथा गुजरात जाने वाले यात्रियों को समय की बचत के साथ बेहतर यात्रा सुविधा मिलेगी।