दो फरार हत्यारों पर 10-10 हजार का इनाम

Share

चाकूबाजी में युवक की हत्या के आरोपी 13 दिन से फरार, सूचना देने वाले की पहचान गुप्त रहेगी
उदयपुर, 21 अप्रैल:
उदयपुर के घंटाघर थाना क्षेत्र में युवक की हत्या के मामले में फरार दो हिस्ट्रीशीटर आरोपियों पर पुलिस ने 10-10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। दोनों आरोपी 13 दिनों से फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने कहा है कि आरोपियों की सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी।
पुलिस के अनुसार फरार आरोपी प्रतापनगर हाल मल्लातलाई निवासी नईम उर्फ नईमुद्दीन शेख और आयड़ निवासी कुंदन सिंह कुशवाहा हैं। इससे पहले मामले में तीन आरोपी—गौरव सिंह चौहान, मोहम्मद सुहान डायर और जोएब खान गिरफ्तार किए जा चुके हैं। नईम के खिलाफ करीब एक दर्जन और कुंदन के खिलाफ डेढ़ दर्जन से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं।
जानकारी के अनुसार 7 अप्रैल की रात बिच्छू घाटी क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते आरोपियों ने साहिल उर्फ सुहानी पर चाकुओं से हमला कर दिया था। उसके सीने और कमर में गंभीर वार किए गए, जिससे अस्पताल ले जाते समय उसकी मौत हो गई।
पुलिस टीमें आरोपियों की तलाश में लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। एसपी ने आमजन से अपील की है कि आरोपियों की जानकारी तुरंत पुलिस को दें। इस वारदात के बाद शहर में अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर चिंता बढ़ गई है।