55 लाख की सड़क कागजों में सिमटी

Share

जवान जी का खेड़ा से मॉडल स्कूल तक डेढ़ किलोमीटर सड़क अधूरी, बनी सीसी रोड भी टूटी
उदयपुर, 13 मई (मनीष दाधीच):
जिले में डीएमएफटी योजना के तहत स्वीकृत जवान जी का खेड़ा से मॉडल स्कूल तक सड़क निर्माण कार्य अब ग्रामीणों के लिए परेशानी और नाराजगी का कारण बन गया है। करीब 55 लाख रुपए की लागत से बनने वाली डेढ़ किलोमीटर सड़क का निर्माण कार्य अधूरा पड़ा है। ग्रामीणों का आरोप है कि केवल करीब 40 प्रतिशत हिस्से में सीसी सड़क बनाई गई, जबकि बाकी सड़क पर सिर्फ कंक्रीट डालकर छोड़ दिया गया।


कुछ ही दिनों में उखड़ने लगी सड़क
ग्रामीणों के अनुसार जो सीसी सड़क बनाई गई थी, वह भी कुछ ही समय बाद जगह-जगह से टूटने लगी है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क निर्माण वर्ष 2025 में पूरा होना था, लेकिन अब तक कार्य अधूरा है। सूचना बोर्ड पर लागत, निर्माण एजेंसी और पूर्णता अवधि का उल्लेख होने के बावजूद मौके की स्थिति इसके विपरीत दिखाई दे रही है।
विद्यार्थियों और किसानों को परेशानी
यह सड़क क्षेत्र के विद्यार्थियों, किसानों और ग्रामीणों के लिए महत्वपूर्ण मार्ग है। बरसात में रास्ता कीचड़ में बदल जाता है, जिससे स्कूल जाने वाले बच्चों और मरीजों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ग्रामीणों को उम्मीद थी कि सड़क बनने से वर्षों पुरानी समस्या दूर होगी, लेकिन अधूरे और घटिया निर्माण ने उनकी उम्मीदें तोड़ दीं।
जांच और कार्रवाई की मांग
स्थानीय लोगों ने प्रशासन से निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कराने और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द सड़क निर्माण पूरा नहीं कराया गया तो वे आंदोलन करेंगे। उनका कहना है कि विकास कार्य केवल कागजों तक सीमित नहीं रहने चाहिए, बल्कि आमजन को उसका वास्तविक लाभ मिलना चाहिए।