24 घंटे में ब्लाइंड मर्डर का खुलासा, महिला समेत दो गिरफ्तार

Share

शराब के नशे में विवाद के बाद मारपीट, शव खेत में फेंककर भागे आरोपी
उदयपुर, 13 मई :
उदयपुर पुलिस ने 24 घंटे के भीतर एक अंधे कत्ल का खुलासा करते हुए महिला सहित दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला रावों का सायरा क्षेत्र की भील बस्ती का है, जहां 11 मई की सुबह मोहन मेघवाल का शव खेत में मिला था। मृतक के शरीर पर चोटों के निशान मिलने के बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन के निर्देशन में गठित टीम ने एफएसएल और डॉग स्क्वायड की मदद से मौके का निरीक्षण किया। संदिग्धों से पूछताछ और तकनीकी विश्लेषण के आधार पर पुलिस ने डाली बाई और देवाराम को हिरासत में लिया।
पूछताछ में सामने आया कि 10 मई की रात मोहन मेघवाल शराब के नशे में डाली बाई के घर पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। इस दौरान वहां मौजूद देवाराम ने उसे समझाने का प्रयास किया, लेकिन विवाद बढ़ने पर दोनों में मारपीट हो गई। मारपीट के दौरान मोहन बेहोश हो गया।
आरोपियों को लगा कि उसकी मौत हो चुकी है। पकड़े जाने के डर से दोनों ने शव को करीब 350 फीट दूर मृतक के खेत में फेंक दिया। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से एक दिन का रिमांड मिला है।