अलसुबह 3:30 बजे नाडाखाड़ा में हुई घटना, दुकानदारों ने जताई आग लगाने की आशंका; सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
उदयपुर, 25 अक्टूबर: शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र स्थित नाडाखाड़ा इलाके में रविवार अलसुबह सड़क किनारे खड़ी एक कार और ऑटो में आग लगने से दोनों वाहन पूरी तरह जल गए। सूचना मिलने पर पुलिस और दमकल की टीम मौके पर पहुंची, लेकिन तब तक दोनों वाहन खाक हो चुके थे। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।
घटना नेहरू बाजार क्षेत्र में रविवार अलसुबह करीब 3:30 बजे हुई। वहां से गुजर रहे एक राहगीर ने वाहनों में आग लगने की सूचना पुलिस को दी। आग से कार और ऑटो को भारी नुकसान हुआ। आसपास के दुकानदारों ने आशंका जताई कि किसी बदमाश ने वाहनों में आग लगाई होगी। उन्होंने पुलिस प्रशासन से मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की मांग की है। हालांकि, आग जानबूझकर लगाई गई या किसी अन्य कारण से लगी, इसकी पुष्टि नहीं हुई है।
ऑटो जलने से परिवार पर आर्थिक संकट
ऑटो मालिक राजेश ने बताया कि आग में उनका ऑटो पूरी तरह जल गया और केवल लोहे का ढांचा बचा है। ऑटो चलाकर ही वह अपने परिवार का भरण-पोषण करते थे। वाहन जलने से उनके सामने रोजी-रोटी का संकट खड़ा हो गया है। उन्होंने पुलिस से घटना का पता लगाकर नुकसान के संबंध में उचित कार्रवाई करने की मांग की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि आग लगने के कारणों और घटना में किसी की संलिप्तता का पता लगाया जा सके।स की टीम आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए घटना के कारणों का पता लगा रही है।