कनाडा में सम्मानित हुईं सवि मालू

Share


उदयपुर, 4 जुलाई: शहर की शिक्षाविद एवं उद्घोषिका सवि मालू को शिक्षा और उद्घोषण के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए कनाडा के टोरंटो में सम्मानित किया गया। आईआईटी रुड़की से उच्च शिक्षा प्राप्त सवि मालू को पूर्व में भी उत्कृष्ट शिक्षण कार्य के लिए सम्मान मिल चुका है। उन्होंने विद्यार्थियों को नासा जैसे अंतरराष्ट्रीय शैक्षणिक कार्यक्रमों से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उनके सम्मान पर शिक्षा जगत ने हर्ष व्यक्त किया है।

ठेला उड़ाकर आरा मशीन में घुसा, दो गंभीर घायल

उदयपुर, 4 जुलाई: सूरजपोल थाना क्षेत्र में शुक्रवार रात तेज रफ्तार ऑटो अनियंत्रित होकर पहले सड़क किनारे खड़े ठेले से टकराया और फिर आरा मशीन का लोहे का गेट तोड़ते हुए परिसर में जा घुसा। हादसे में ऑटो चालक और ठेला संचालक गंभीर रूप से घायल हो गए। तेज धमाके की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस की मदद से दोनों घायलों को एमबी अस्पताल पहुंचाया। दुर्घटना के कारण कुछ देर तक सड़क पर लंबा जाम लगा रहा। पुलिस ने क्रेन से ऑटो हटवाकर यातायात बहाल कराया। प्रारंभिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस सीसीटीवी फुटेज खंगालकर मामले की जांच कर रही है।

32.5 लाख पौधारोपण का लक्ष्य

चित्तौड़गढ़ , 4 जुलाई: हरियालो राजस्थान अभियान के तहत जिले में इस वर्ष 32 लाख 50 हजार पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है। वन विभाग ने पौध वितरण शुरू कर दिया है और संस्थाओं को ऑनलाइन आवेदन की सुविधा भी उपलब्ध कराई गई है। जिले की 20 नर्सरियों में करीब 13.70 लाख पौधे तैयार हैं, जबकि 6.27 लाख अतिरिक्त पौधे भी विकसित किए गए हैं। ग्राम पंचायतों में भी स्थानीय स्तर पर पौध तैयार किए जा रहे हैं। प्रशासन का दावा है कि अभियान के दौरान पौधों की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।

भील समाज ने शिक्षा पर दिया जोर

कुंभलगढ़, 4 जुलाई: राजस्थान भील समाज विकास समिति की बैठक बनोकड़ा में आयोजित हुई, जिसमें हेमाराम भील को सर्वसम्मति से चौखला अध्यक्ष चुना गया। करीब 500 समाजजनों और 100 महिलाओं की मौजूदगी में नई कार्यकारिणी ने शपथ ली। बैठक में शिक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रत्येक स्कूल में सात सदस्यीय निगरानी दल गठित करने का निर्णय लिया गया। बाल विवाह, शराब की लत और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ सख्त रुख अपनाने तथा युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रेरित करने का संकल्प भी लिया गया।

विद्या भवन में आधुनिक औद्योगिक प्रशिक्षण शुरू

उदयपुर, 4 जुलाई: विद्या भवन पॉलिटेक्निक के सरस्वती मैकट्रॉनिक्स सेंटर में डिप्लोमा इंजीनियरिंग इंटर्न प्रशिक्षण कार्यक्रम शुरू हुआ। प्राचार्य डॉ. अनिल मेहता ने कहा कि उद्योग 4.0 के दौर में पीएलसी, स्काडा, सीएनसी, न्यूमेटिक्स और ऑटोमेशन जैसी तकनीकों का ज्ञान अनिवार्य है। प्रशिक्षण के दौरान विद्यार्थियों को आधुनिक औद्योगिक तकनीकों के साथ प्रोफेशनल एथिक्स, टीमवर्क, टाइम मैनेजमेंट और समस्या समाधान जैसे कौशल भी सिखाए जाएंगे, जिससे वे उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप दक्ष इंजीनियर बन सकें।

ई-श्रम शिविर में 200 पंजीकरण

उदयपुर, 4 जुलाई: मनोहरपुरा कच्ची बस्ती में श्रम एवं रोजगार मंत्रालय और नूपुर नारी सेवा संस्थान के संयुक्त तत्वावधान में दो दिवसीय ई-श्रम जागरूकता एवं पंजीकरण शिविर आयोजित किया गया। शिविर में लगभग 200 ई-श्रम, आयुष्मान, आभा कार्ड और एनसीएस पोर्टल पर पंजीकरण किए गए। अधिकारियों ने असंगठित श्रमिकों को सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और रोजगार संबंधी सुविधाओं की जानकारी दी। कार्यक्रम में 200 से 300 श्रमिकों ने भाग लिया।

ऊँटनी ‘वसुधा’ को मिला नया जीवन

उदयपुर, 4 जुलाई: कुंडा गांव में बीमार और लावारिस हालत में मिली ऊँटनी ‘वसुधा’ का एनिमल प्रोटेक्शन सोसाइटी ने रेस्क्यू कर उसे सिरोही स्थित महावीर कैमल सेंक्चुरी भेजा। स्थानीय लोगों और समाजसेवियों के सहयोग से यह अभियान सफल हुआ। संस्था की संस्थापक डॉ. माला मट्ठा ने ऊँटों को बेसहारा छोड़ने वाले मालिकों के खिलाफ सख्त कानून बनाने की मांग की तथा आमजन से घायल व लावारिस पशुओं की तत्काल सूचना देने की अपील की।