शोभायात्रा में 6 महिलाओं से मंगलसूत्र-चेन लूट के मामले में एसपी की कार्रवाई, इनपुट नहीं देने पर गिरी गाज
उदयपुर, 14 जुलाई: उदयपुर में धार्मिक शोभायात्रा के दौरान छह महिलाओं से चेन स्नेचिंग की वारदात के बाद सवीना थाने के कॉन्स्टेबल एवं आसूचना अधिकारी (इंटेलिजेंस ऑफिसर) छगनलाल को निलंबित कर दिया गया है।
पुलिस अधीक्षक डॉ. अमृता दुहन ने प्रथम दृष्टया लापरवाही मानते हुए यह कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार कॉन्स्टेबल ने शोभायात्रा में संभावित अपराध और भीड़ की वास्तविक स्थिति को लेकर समय रहते वरिष्ठ अधिकारियों को आवश्यक इनपुट उपलब्ध नहीं कराया। 12 जुलाई को मुनि आदित्य सागर महाराज ससंघ के मंगल प्रवेश पर निकली शोभायात्रा में 800 से 1000 श्रद्धालु शामिल हुए थे। भीड़ का फायदा उठाकर बदमाशों ने सेक्टर-11 स्थित आलोक स्कूल से जैन मंदिर के बीच 55 से 65 वर्ष आयु वर्ग की छह महिलाओं को निशाना बनाते हुए उनके मंगलसूत्र और सोने की चेन पार कर दीं। थानाधिकारी दलबीर सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज और ड्रोन रिकॉर्डिंग के आधार पर आरोपियों की तलाश में जुटी है तथा जल्द गिरफ्तारी का दावा किया है।