गूगल पर हॉस्पिटल का नंबर सर्च किया, खाते से उड़ गए 2.16 लाख

Share

ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के नाम पर भेजा फर्जी लिंक, साइबर ठगों ने हासिल किया फोन का एक्सेस
चित्तौड़गढ़, 16 अगस्त:
उदयपुर के अस्पताल में पिता का इलाज कराने के लिए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट लेना चित्तौड़गढ़ जिले के एक मजदूर को महंगा पड़ गया। गूगल पर हॉस्पिटल का नंबर सर्च करने के बाद फोन पर बात करने वाले साइबर ठगों ने व्हाट्सऐप पर फर्जी लिंक भेज दिया। लिंक खोलने के बाद पीड़ित के दो बैंक खातों से कुल 2 लाख 16 हजार 600 रुपए निकाल लिए गए।
आकोला थाना क्षेत्र के निलोद निवासी मोहनलाल जाट ने बताया कि 3 अगस्त को वे अपने पिता रतनलाल को इलाज के लिए उदयपुर ला रहे थे। रास्ते में उन्होंने गूगल से शांतिराज हॉस्पिटल का नंबर निकाला और फोन किया। सामने वाले ने खुद को अस्पताल का कर्मचारी बताते हुए ऑनलाइन अपॉइंटमेंट के लिए व्हाट्सऐप लिंक भेजा।
मोहनलाल ने लिंक खोल दिया। करीब पांच दिन बाद 8 अगस्त को उनके मोबाइल पर बैंक से पैसे कटने के संदेश आने लगे। कैनरा बैंक से 99 हजार और 88 हजार तथा एसबीआई खाते से 20 हजार और 9,600 रुपए निकाले गए।
पीड़ित की शिकायत पर 1930 साइबर हेल्पलाइन के जरिए मामला दर्ज हुआ। पुलिस बैंक ट्रांजेक्शन, कॉल डिटेल और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है।