उदयपुर, 12 जुलाई: राजस्थान लोक सेवा आयोग (आरपीएससी) की सेकंड ग्रेड शिक्षक भर्ती परीक्षा रविवार से उदयपुर के 99 परीक्षा केंद्रों पर शुरू हो गई। पहले दिन सामान्य ज्ञान (ग्रुप-ए) के पेपर में 61.76 प्रतिशत अभ्यर्थियों ने उपस्थिति दर्ज कराई। दोपहर बाद सोशल साइंस विषय की परीक्षा आयोजित की गई।
परीक्षा के लिए दोनों पारियों में 21,504 अभ्यर्थी पंजीकृत थे। सुबह 9 बजे तक ही परीक्षा केंद्रों में प्रवेश दिया गया। अभ्यर्थियों की एडमिट कार्ड और मूल आधार कार्ड से पहचान का सत्यापन करने के बाद मेटल डिटेक्टर से जांच कर प्रवेश दिया गया। परीक्षा की निगरानी के लिए 17 सतर्कता दल और 33 उपसमन्वयक तैनात किए गए हैं।
आयोग ने परीक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश लागू किए हैं। मोबाइल, स्मार्ट वॉच, ब्लूटूथ सहित सभी इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों पर पूर्ण प्रतिबंध है। प्रत्येक परीक्षा कक्ष में अधिकतम 24 परीक्षार्थियों को बैठाया जा रहा है। यह भर्ती परीक्षा 17 जुलाई तक प्रतिदिन दो पारियों में आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न विषयों के हजारों अभ्यर्थी शामिल होंगे।