दो करोड़ के घूसकांड में सस्पेंड एएसपी को हाईकोर्ट से झटका

Share

जमानत याचिका खारिज, गवाहों को प्रभावित करने की आशंका; 38 दिन से न्यायिक हिरासत में बंद हैं मुकेश सोनी
उदयपुर, 7 नवम्बर:
उदयपुर के बहुचर्चित दो करोड़ रुपए के रिश्वत कांड में गिरफ्तार एसओजी के निलंबित एएसपी मुकेश कुमार सोनी को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिली है। जोधपुर हाईकोर्ट में न्यायाधीश संजीत पुरोहित की एकल पीठ ने मामले की गंभीरता और गवाहों को प्रभावित किए जाने की आशंका को देखते हुए उनकी जमानत याचिका खारिज कर दी।


एसीबी ने मुकेश सोनी को 27 सितंबर को गिरफ्तार किया था। वे पिछले 38 दिनों से न्यायिक हिरासत में हैं। निचली अदालत के बाद हाईकोर्ट से भी जमानत नहीं मिलने के कारण फिलहाल उनकी जेल से रिहाई का रास्ता बंद हो गया है।
मामला उदयपुर नगर निगम के 272 प्लॉट घोटाले से जुड़ा है। आरोप है कि इस प्रकरण में फाइनल रिपोर्ट (एफआर) लगाने और जब्त सामान छुड़वाने की एवज में दो करोड़ रुपए की रिश्वत मांगी गई थी। एसीबी ने इस मामले में दलाल सज्जन सिंह को रिश्वत मांगने के आरोप में रंगे हाथों पकड़ा था। इसके बाद जांच आगे बढ़ाते हुए एएसपी मुकेश सोनी को गिरफ्तार किया गया। आरोपी 3 अक्टूबर से उदयपुर जेल में बंद है। हाईकोर्ट के फैसले से उन्हें फिलहाल कोई राहत नहीं मिल सकी है।