आतंकवाद से जुड़ी धारा हटाने की आरोपियों की याचिका खारिज, बेटे ने बताया न्यायपालिका पर भरोसे की जीत
उदयपुर, 7 नवम्बर: बहुचर्चित कन्हैयालाल साहू हत्याकांड में आरोपियों को राजस्थान हाईकोर्ट से राहत नहीं मिलने पर पीड़ित परिवार ने संतोष जताया है। अदालत ने आरोपियों की ओर से आतंकवाद से संबंधित धारा हटाने की मांग को लेकर दायर याचिका खारिज कर दी। कन्हैयालाल के बेटे यश साहू ने इसे न्यायपालिका पर भरोसे की जीत बताते हुए कहा कि इससे परिवार की न्याय पाने की उम्मीद और मजबूत हुई है।
यश ने कहा कि पिता की निर्मम हत्या को चार साल से अधिक समय बीत चुका है, लेकिन परिवार अब भी अंतिम फैसले का इंतजार कर रहा है। आरोपियों को अभी तक फांसी की सजा नहीं मिलने से परिवार में निराशा और आक्रोश है। उन्होंने सरकार और न्यायपालिका से मांग की कि मामले की सुनवाई में तेजी लाई जाए और दोषियों को जल्द से जल्द फांसी की सजा दिलाई जाए।
दरअसल, कन्हैयालाल की हत्या के मामले में आरोपियों ने अपने खिलाफ लगाई गई आतंकवाद से संबंधित धारा हटाने के लिए हाईकोर्ट में याचिका पेश की थी। अदालत ने उनकी मांग स्वीकार नहीं की। यश का कहना है कि इस फैसले से परिवार को राहत मिली है, लेकिन असली न्याय तभी मिलेगा, जब मामले में अंतिम फैसला आएगा और पिता के हत्यारों को सजा मिलेगी।