शुभ मुहूर्त में होगी घट स्थापना, नौ दिन तक भक्ति और डांडिया महोत्सव की रहेगी धूम
उदयपुर, 10 अक्टूबर: शक्ति आराधना के पर्व शारदीय नवरात्र का आगाज रविवार, 11 अक्टूबर से होगा। इसे लेकर उदयपुर में देवी मंदिरों से लेकर गरबा पांडालों तक तैयारियां तेज हो गई हैं। शहर के विभिन्न क्षेत्रों में रंग-बिरंगी रोशनी, आकर्षक सजावट और धार्मिक आयोजनों की तैयारियां अंतिम चरण में हैं। नवरात्र के नौ दिनों तक शहर में भक्ति और उत्सव का माहौल रहेगा, वहीं शाम होते ही गरबा और डांडिया की रौनक दिखाई देगी।
नवरात्र के पहले दिन घरों, मंदिरों और पांडालों में शुभ मुहूर्त में घट स्थापना की जाएगी। श्रद्धालु व्रत-उपवास रखकर मां दुर्गा की आराधना करेंगे।
आराधना से बढ़ता है आत्मबल
पंडित राहुल शास्त्री ने बताया कि शारदीय नवरात्र शक्ति की साधना और उपासना का पर्व है। इन नौ दिनों में व्रत, उपवास और यम-नियम का पालन कर व्यक्ति अपने आंतरिक विकारों पर नियंत्रण पाने का प्रयास करता है। माता की आराधना से आत्मबल बढ़ता है और सकारात्मक ऊर्जा के साथ कार्य करने की प्रेरणा मिलती है। नवरात्र में कन्या पूजन और बटुक पूजन का भी विशेष महत्व है। शहर के विभिन्न गरबा मंडलों की ओर से पांडाल सजाए जा रहे हैं। देवी मंदिरों में भी रंगीन फर्रियों और रोशनी से सजावट की जा रही है। धार्मिक अनुष्ठानों के साथ नौ दिनों तक गरबा-डांडिया महोत्सव की धूम रहेगी।