अस्पतालों में गलियारों तक वाहन खड़े मिले तो होगी कार्रवाई

Share

सीएमएचओ डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ का औचक निरीक्षण, कानौड़ में 12 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं में से 2 ही मिलीं उपस्थित
उदयपुर, 10 अक्टूबर:
भींडर क्षेत्र के सरकारी स्वास्थ्य संस्थानों में व्यवस्थाओं की जांच के दौरान अस्पताल भवनों और गलियारों में दोपहिया वाहन खड़े मिलने पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (उदयपुर द्वितीय) डॉ. महेंद्र सिंह राठौड़ ने नाराजगी जताई। उन्होंने चेतावनी दी कि भविष्य में अस्पताल परिसर के भीतर वाहन खड़े मिले तो उन्हें पुलिस थाने से छुड़वाने की कार्रवाई होगी और संबंधित कार्मिक के विरुद्ध विभागीय जांच की जाएगी।
सीएमएचओ ने प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र हिंता व लूणदा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र कानौड़ और जिला अस्पताल भींडर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान कार्यालयी रिकॉर्ड, उपस्थिति पंजिका, स्टोर और लेखा शाखा की जांच कर व्यवस्थाओं में सुधार के निर्देश दिए।
हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं की जांच रिपोर्ट मांगी
कानौड़ सीएचसी में प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के तहत पंजीकृत 12 हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं में से केवल दो के उपस्थित मिलने तथा शेष के भींडर जाने की जानकारी पर ब्लॉक नोडल अधिकारी से आगामी कार्यदिवस में संबंधित महिलाओं की जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा गया।
हिंता पीएचसी के मुख्य द्वार पर संस्थान का स्पष्ट नाम नहीं होने पर तीन दिन में बोर्ड लगवाने के निर्देश दिए गए। जिला अस्पताल भींडर को गुणवत्ता सुधार के लिए कार्ययोजना भेजने को कहा गया। निरीक्षण दल में प्रशासनिक अधिकारी चंद्रवीर सिंह राठौड़ और अतिरिक्त प्रशासनिक अधिकारी कमल प्रकाश मेहता भी शामिल रहे।