भाषा दिवस पर गौरव का क्षण, उपराष्ट्रपति को भेंट की विशेष कलाकृति
नई दिल्ली/उदयपुर, 11 अप्रैल: सिंधी भाषा दिवस के अवसर पर उपराष्ट्रपति भवन में आयोजित भारतीय संविधान के सिंधी संस्करण के विमोचन समारोह में राजस्थान सिंधी अकादमी के पूर्व अध्यक्ष हरीश राजानी ने भाग लिया। इस दौरान उन्होंने भारत के उपराष्ट्रपति सी.पी. राधाकृष्णन को वुडन पर बनी उनकी आकर्षक तस्वीर भेंट की, जिसे देखकर उपराष्ट्रपति ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए आभार जताया।
विशेष आमंत्रण पर शामिल हुए जनप्रतिनिधि
कार्यक्रम में केंद्रीय विधि एवं न्याय राज्य मंत्री अर्जुनराम मेघवाल द्वारा विधानसभा अध्यक्ष को आमंत्रित किया गया था। समारोह में सिंधी भाषा में देवनागरी एवं फारसी लिपि में प्रकाशित भारतीय संविधान के संस्करण का विधिवत विमोचन किया गया।
भाषाई गौरव का ऐतिहासिक अवसर
इस आयोजन का संचालन विधि एवं न्याय मंत्रालय के विधायी विभाग, राजभाषा खंड एवं प्रादेशिक भाषा इकाई द्वारा किया गया। हरीश राजानी ने इसे सिंधी समाज के लिए ऐतिहासिक क्षण बताते हुए कहा कि विभाजन के बाद भारत आए लाखों सिंधियों के लिए यह अपनी भाषा के सम्मान और पहचान का प्रतीक है।
प्रधानमंत्री के प्रति जताया आभार
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह पहल सिंधी भाषा को नई पहचान देने में मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर कमल पाहुजा और अशोक लिंजरा भी मौजूद रहे।