खड़े ट्रक में घुसी स्लीपर बस, 7 यात्रियों की मौत

Share

वडोदरा में तड़के दर्दनाक हादसा, डूंगरपुर-बांसवाड़ा के 27 यात्री घायल; कटर से काटकर निकाले गए शव
उदयपुर/डूंगरपुर, 17 जून
: गुजरात के वडोदरा शहर में बुधवार तड़के हुए भीषण सड़क हादसे में डूंगरपुर और बांसवाड़ा जिले के सात लोगों की मौत हो गई, जबकि 27 यात्री घायल हो गए। हादसा उस समय हुआ जब बांसवाड़ा से सूरत जा रही बालाजी ट्रैवल्स की स्लीपर बस कोटंबी स्टेडियम के पास सड़क किनारे खड़े ट्रक से पीछे से जा टकराई।
सुबह करीब चार बजे हुई टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। अधिकांश यात्री गहरी नींद में थे, जिससे उन्हें संभलने का मौका नहीं मिला। दुर्घटना के बाद बस में चीख-पुकार मच गई और कई यात्री सीटों व लोहे के ढांचे में फंस गए।
सूचना मिलते ही पुलिस, एसडीआरएफ, एनडीआरएफ और अग्निशमन विभाग की टीमें मौके पर पहुंचीं। एनडीआरएफ की टीम ने कटिंग मशीनों और आधुनिक उपकरणों की मदद से बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला। कई शव बुरी तरह फंस गए थे, जिन्हें काफी मशक्कत के बाद निकाला जा सका।


9 वर्षीय बच्ची समेत सात की मौत
हादसे में डूंगरपुर जिले के पाडवा निवासी पिंकी भाटिया (36), टामटिया निवासी प्रीत भाटिया (9), महेंद्र कुमार पांडया (68), सागवाड़ा निवासी विनोद डामोर (30), बस चालक मुकेश डिंडोर (34), हरजिंगभाई वलजीभाई कटारा (30) तथा एक अज्ञात व्यक्ति की मौत हो गई। मृत बच्ची की मां पायल नाई भी गंभीर रूप से घायल हुई हैं।


दो घायलों की हालत गंभीर
वडोदरा के एसएसजी अस्पताल में भर्ती 27 घायलों में दो की हालत गंभीर बनी हुई है। उन्हें आईसीयू में रखा गया है, जबकि अन्य घायलों का उपचार जारी है। हादसे की सूचना मिलते ही राजस्थान में पीड़ित परिवारों में शोक की लहर दौड़ गई और परिजन तत्काल वडोदरा के लिए रवाना हो गए।
जांच में जुटी पुलिस
प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार या चालक की लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। दुर्घटना के कारण कुछ समय तक यातायात बाधित रहा, जिसे बाद में क्षतिग्रस्त बस और ट्रक हटाकर बहाल कर दिया गया।