उदयपुर, 18 जून: मेवाड़ के गौरवशाली इतिहास को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के उद्देश्य से सिटी पैलेस संग्रहालय में ‘450 वर्ष : हल्दीघाटी युद्ध’ प्रदर्शनी का शुभारंभ किया गया। यह प्रदर्शनी 28 अगस्त तक आमजन के लिए खुली रहेगी। महाराणा मेवाड़ चैरिटेबल फाउंडेशन द्वारा आयोजित प्रदर्शनी का उद्घाटन डॉ. लक्ष्यराज सिंह मेवाड़ ने किया। प्रदर्शनी में हल्दीघाटी युद्ध से संबंधित दुर्लभ चित्र, ऐतिहासिक कलाकृतियां और आधुनिक कला कृतियां प्रदर्शित की गई हैं। इसमें मेवाड़ दरबार के प्रसिद्ध चित्रकार चोखा के चित्रों सहित कई दुर्लभ संग्रह शामिल हैं। डॉ. लक्ष्यराज सिंह ने कहा कि महाराणा प्रताप की गाथा केवल इतिहास नहीं, बल्कि साहस, स्वाभिमान और राष्ट्रसेवा की प्रेरणा है। प्रदर्शनी मेवाड़ की सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण और प्रचार-प्रसार का महत्वपूर्ण प्रयास मानी जा रही है।