तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसी, नवविवाहित दंपती की दर्दनाक मौत

Share

हाईवे पर भीषण टक्कर के बाद कार के उड़ गए परखच्चे, शव निकालने के लिए काटनी पड़ी गाड़ी
उदयपुर, 19 जुलाई:
उदयपुर जिले के गोगुंदा-पिंडवाड़ा राष्ट्रीय राजमार्ग पर रविवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में नवविवाहित दंपती की मौके पर ही मौत हो गई। जेलानी गांव के पास तेज रफ्तार कार आगे चल रहे ट्रक में पीछे से जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया और पति-पत्नी के शव वाहन में बुरी तरह फंस गए। सूचना मिलते ही हाईवे पेट्रोलिंग टीम और गोगुंदा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को काटकर दोनों शव बाहर निकाले गए और गोगुंदा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की मोर्चरी में रखवाए गए।
थानाधिकारी प्रवीण सिंह ने बताया कि मृतकों की पहचान जालोर जिले के भीनमाल थाना क्षेत्र के निंबावास निवासी मुकेश कुमार चौधरी (25) और उनकी पत्नी प्रियंका साहनी (22) के रूप में हुई है। दोनों कोटा से अपने पैतृक गांव भीनमाल जा रहे थे। मुकेश कोटा में मोबाइल शॉप संचालित करते थे। दंपती की शादी 28 मई 2025 को आर्य समाज रीति से हुई थी और उनकी कोई संतान नहीं थी। हादसे के बाद दोनों परिवारों में मातम छा गया।
पुलिस ने दुर्घटना में शामिल ट्रेलर चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और पीछे से हुई टक्कर को दुर्घटना का कारण माना जा रहा है। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई शुरू कर दी है।