एक्सीडेंट क्लेम पास कराने के नाम पर 50 हजार की थी मांग, 40 हजार पहले ही ले चुकी थी
चित्तौड़गढ़, 30 मई: भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) उदयपुर की टीम ने शनिवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए कर्मचारी राज्य बीमा निगम (ईएसआईसी) की ब्रांच मैनेजर संदीपा वोहरा को 10 हजार रुपए की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी अधिकारी पर एक्सीडेंट क्लेम की फाइल पास कराने के बदले रिश्वत मांगने का आरोप है।
एसीबी को शिकायत मिली थी कि परिवादी के एक्सीडेंट क्लेम का भुगतान जारी करने और फाइल को आगे बढ़ाने की एवज में ब्रांच मैनेजर रिश्वत की मांग कर रही है। शिकायत के सत्यापन के दौरान यह तथ्य सामने आया कि आरोपी अब तक 40 हजार रुपए की रिश्वत ले चुकी थी और शेष राशि के लिए लगातार दबाव बना रही थी।
50 हजार रुपए की थी कुल डिमांड
जांच में सामने आया कि आरोपी अधिकारी ने क्लेम प्रक्रिया पूरी कराने के बदले कुल 50 हजार रुपए की मांग की थी। शिकायत सही पाए जाने पर एसीबी ने ट्रैप की योजना बनाई। तय रणनीति के तहत परिवादी ने आरोपी को 10 हजार रुपए दिए। राशि स्वीकार करते ही एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों दबोच लिया।
एसीबी कर रही गहन जांच
कार्रवाई के बाद एसीबी ने आरोपी से पूछताछ शुरू कर दी है। मामले से जुड़े दस्तावेजों और अन्य पहलुओं की भी जांच की जा रही है। यह कार्रवाई एसीबी उदयपुर रेंज के डीआईजी डॉ. रामेश्वर सिंह के सुपरविजन में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजीव जोशी और निरीक्षक लक्ष्मण डांगी के नेतृत्व में की गई।