2.570 किलो अफीम के मामले में सप्लायर-रिसीवर गिरफ्तार

Share

मंदसौर से श्रीगंगानगर पहुंचाई जानी थी अफीम, 30 सितंबर को दो आरोपी पकड़े गए थे
प्रतापगढ़, 7 अक्टूबर:
छोटी सादड़ी पुलिस ने 2 किलो 570 ग्राम अवैध अफीम बरामदगी के मामले में सप्लायर और रिसीवर को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने दोनों आरोपियों को रिमांड पर लेकर अफीम सप्लाई नेटवर्क के संबंध में पूछताछ शुरू कर दी है। जिला पुलिस अधीक्षक विशाल जांगिड़ के निर्देश पर यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 30 सितंबर को नेशनल हाईवे-56 पर गश्त के दौरान दिनेशकुमार बेनीवाल और लक्ष्मण भादू को पकड़ा गया था। तलाशी लेने पर उनके बैग से 2 किलो 570 ग्राम अफीम बरामद हुई थी। इसके बाद दोनों को गिरफ्तार कर मामले की जांच शुरू की गई।
जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अफीम की सप्लाई से जुड़े लोगों की जानकारी जुटाई। जांच में सामने आया कि बरामद अफीम मंदसौर निवासी भरतलाल पाटीदार ने उपलब्ध कराई थी और इसकी डिलीवरी श्रीगंगानगर निवासी केशव ठाकुर को की जानी थी। पुलिस ने बुधवार को दोनों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान केशव ठाकुर (19), निवासी श्रीगंगानगर और भरतलाल पाटीदार (58), निवासी मंदसौर के रूप में हुई है। पुलिस दोनों को रिमांड पर लेकर सप्लाई नेटवर्क और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं के संबंध में पूछताछ कर रही है।